भोपाल में 75 वर्षीय महिला की हत्या पर भड़के परिजन : सड़क पर शव रखकर किया हंगामा, 45 मिनट तक रहा चक्काजाम, संदेही मां-बेटे को हिरासत में
Published:
3 min read

भोपाल में नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र की वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके बेटे को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों को आनंद फाइनेंस के पास से पकड़ा। बताया जा रहा है कि वारदात के समय दोनों मल्टी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए थे। पुलिस की एसआईटी मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासा कर सकती है।
हत्या के विरोध में 45 मिनट तक चक्काजाम
कलरी देवी की हत्या से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक चक्काजाम किया गया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन से यातायात प्रभावित रहा। परिजनों और रहवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
सोने के दांत और जेवर भी ले जाने का आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर कलरी देवी की हत्या की और उनके शरीर पर मौजूद कीमती सामान लूट लिया। आरोप है कि बदमाश महिला के सोने के दांत तक निकालकर ले गए। जानकारी के अनुसार, महिला की पायल, हाथों के कड़े, गले का हार, पैरों की बिछिया और सोने का दांत गायब मिला। महिला के गले पर चोट के निशान भी पाए गए थे। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि
पुलिस को मिली पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में कलरी देवी की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रस्सीनुमा किसी वस्तु से उनका गला घोंटा गया था। शुक्रवार सुबह घर में उनकी हत्या का मामला सामने आया था।
सीसीटीवी में दिखाई दिए संदेही मां-बेटे
वारदात के बाद इलाके में रहने वाला एक युवक मोहल्ले में दिखाई नहीं दे रहा था। इस पर स्थानीय लोगों ने संदेह जताया था। पुलिस ने आनंद फाइनेंस के पास कार्रवाई करते हुए युवक और उसकी मां को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय दोनों मल्टी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। हालांकि, मामले में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत खुलासा होना बाकी है। दोनों को हिरासत में लेने के दौरान स्थानीय लोगों ने हंगामा किया और उन पर हमला करने की कोशिश भी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को वहां से रवाना किया।
मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी
75 वर्षीय कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा मूकबधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। महिला की हत्या के बाद परिवार में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय रहवासियों ने भी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

