भोपाल में 40 फीट गहरे कुएं में गिरी कार: कांच तोड़कर बाहर निकाले 4 युवक, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन; भारी डंपरों पर उठे सवाल
Published:
3 min read

40 फीट गहरे कुएं में गिरी अनियंत्रित कार।
भोपाल। इटखेडी थाना क्षेत्र में आने वाले निपानिया जाट गांव में शनिवार को सड़क किनारे बने कुएं में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गिर गई। 40 फिट नीचे कुएं में गिरी कार में चार युवक सवार थे। जैसे ही कुएं में कार गिरने की सूचना मिली मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अगले कांच तोड़कर युवकों को बाहर निकाला उसके बाद तेरकर कुएं से चारों को बाहर निकाला। सभी को तैरना आता था, जिसके चलते वे कुएं में डूबने से बच गए। पुलिस के मुताबिक कार में प्रेम सिंह लोधी, ज्ञान सिंह लोधी समेत चार युवक सवार थे।
ढाई घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कुआं करीब 40 फीट गहरा और पानी से भरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार को बाहर निकालने के साथ ही चारों युवकों को सुरक्षित बाहर लाने के लिए प्रयास किए गए। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार और चारों युवकों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
भारी डंपरों की आवाजाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद इलाके में रात के समय चलने वाले गिट्टी-मुरम से भरे भारी डंपरों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने निपानिया जाट से कनेरा जाने वाले मार्ग पर रात में भारी वाहनों के संचालन पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इस रास्ते पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद भारी डंपरों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई।
मोहन सिंह जाट के मुताबिक, उन्होंने करीब एक साल पहले इस संबंध में कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बाद उन्हें धमकियां भी मिलीं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले गिट्टी-मुरम के डंपरों की आवाजाही की जांच कराई जाए। साथ ही वाहनों के दस्तावेज, वैधता और संचालन से जुड़े नियमों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वही ईटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष स्प्रे ने कहा की हादसे की जांच की जा रही हैं। फिलहाल इस हादसे में चारों युवकों की जान बचना बड़ी राहत की बात है, लेकिन घटना ने एक बार फिर इलाके में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

