भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ोतरी पर इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन जारी: हमीदिया में वाटर कैनन के इस्तेमाल पर जांच के आदेश; डिप्टी CM से मिलीं GMC डीन
Published:
4 min read

डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के बंगले पर जीएमसी की डीन ने की मुलाकात
भोपाल। स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए छात्रों ने अस्पताल से वीडियो जारी कर इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। वहीं, 7 सितंबर को हमीदिया अस्पताल गेट पर वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। सरकार की ओर से भी इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर जल्द ठोस समाधान निकालने का भरोसा दिया गया है।
घायल छात्रों ने अस्पताल से जारी किया वीडियो
कल के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों ने अस्पताल से वीडियो जारी कर इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन का ऐलान किया। छात्रों ने कहा कि वे घायल जरूर हुए हैं, लेकिन आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, “हम अपने भाई-बहनों के साथ खड़े हैं और उनकी मांगों के समर्थन में पीछे नहीं हटेंगे।” इंटर्न डॉक्टरों ने भी प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे सड़क से नहीं हटेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे। इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का भी समर्थन मिल गया है। परिषद के कार्यकर्ता डॉक्टरों की मांगों के समर्थन में सामने आए हैं।
वाटर कैनन मामले में जांच के आदेश
इंटर्न डॉक्टरों पर वाटर कैनन और बल प्रयोग के मामले को लेकर भोपाल पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। भोपाल पुलिस कमिश्नर ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। 7 सितंबर को हमीदिया अस्पताल के गेट पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया था। डॉक्टरों को हटाने के लिए पानी की बौछार किए जाने के मामले की अब जांच होगी। जोन-2 के पुलिस उपायुक्त विकास सहवाल पूरे मामले की जांच करेंगे। उन्हें सभी पक्षों को सुनकर जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह मामला डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के संज्ञान में लाए जाने के बाद जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर डीन ने की डिप्टी CM से चर्चा
इधर, आंदोलन के बीच गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. कविता एन. सिंह बातचीत के लिए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के बंगले पहुंचीं। डीन ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को उनके सामने रखा। बताया गया कि दोनों के बीच इंटर्न डॉक्टरों के मुद्दे को लेकर चर्चा हुई। डीन ने डॉक्टरों की सभी प्रमुख मांगें उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई। बंगले से रवाना होते समय डीन ने कहा कि जल्द ही इस मामले का हल निकलने की उम्मीद है। उनके मुताबिक सरकार की ओर से इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर जल्द कोई ठोस समाधान निकालने का भरोसा दिया गया है।
डिप्टी CM बोले- शाम तक सकारात्मक निर्णय की उम्मीद
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों के मुद्दे पर सकारात्मक बातचीत हुई है और मुख्यमंत्री से लगातार चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज और वाटर कैनन की घटना को लेकर भी गंभीरता से चर्चा की जाएगी। डिप्टी सीएम के मुताबिक शाम तक एक बार फिर बैठक कर सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि हमीदिया अस्पताल के प्रतिनिधिमंडल से भी उनकी मुलाकात हुई है। जरूरत पड़ने पर वे स्वयं इंटर्न डॉक्टरों से मिलने प्रदर्शन स्थल पर जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के वापस आने के बाद उनसे भी इस विषय पर चर्चा की जाएगी। साथ ही छात्रों से आंदोलन जल्द खत्म करने को लेकर भी बातचीत की जाएगी।
सरकार और डॉक्टरों के बीच समाधान की कोशिश तेज
इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन के बीच अब सरकार की ओर से बातचीत और समाधान की कोशिशें तेज होती दिखाई दे रही हैं। एक तरफ वाटर कैनन और बल प्रयोग के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों पर भी चर्चा चल रही है। हालांकि, इंटर्न डॉक्टर फिलहाल आंदोलन खत्म करने के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय मिलने के बाद ही आंदोलन खत्म करने पर विचार किया जाएगा।
एबीवीपी कार्यकर्ता
एबीवीपी कार्यकर्ता
राजेंद्र शुक्ल, उप मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश
डॉ कविता एन सिंह, डीन,जीएमसी
शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल पुलिस कमिश्नर
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर ही भोजन करते इंटर्न डॉक्टर छात्र
पुलिस के बैरिकेडिंग हटाकर रास्त खोलने की कोशिश पर भड़के छात्र की नारेबाजी
राघव शर्मा, संवाददाता, राज एक्सप्रेस

