भोपाल में काजू व्यापारी की दुकान में हुई चोरी का खुलासा: हनुमानगंज पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, पूरी रकम बरामद; हम्माल ही निकला चोर
Published:
3 min read

हनुमानगंज पुलिस ने विदिशा के सिरोंज निवासी मोहम्मद उमर को किया गिरफ्तार, चोरी की पूरी रकम बरामद।
भोपाल। राजधानी के गल्ला बाजार में काजू व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को हनुमानगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 3 लाख 78 हजार रुपए की पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपी भोपाल में रहकर हम्माली का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, वह दुकान की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर नकदी चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
काजू व्यापारी ने दर्ज कराई थी चोरी की शिकायत
एसीपी अरविंद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फरियादी रोहतास चौहान निवासी पुष्पानगर, ऐशबाग ने 25 अक्टूबर 2026 को हनुमानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गल्ला बाजार स्थित उनकी दुकान 'मां नर्मदा ट्रेडर्स' के गल्ले का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति नकदी चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 596/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में सुराग मिला। उसकी पहचान मोहम्मद उमर के रूप में हुई। जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से विदिशा जिले के सिरोंज स्थित टोरी मोहल्ले का रहने वाला है और भोपाल में रहकर हम्माली का काम करता था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के 3.78 लाख रुपए बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मोहम्मद उमर भोपाल में हम्माली का काम करने के दौरान गल्ला बाजार की दुकान की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसी दौरान उसने मौका देखकर दुकान का ताला तोड़ा और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम यानी 3 लाख 78 हजार रुपए बरामद कर ली है। इस तरह पुलिस ने चोरी की रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
एसीपी अरविंद सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद उमर के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम साबित हुई।

