भोपाल में घर के अंदर मिले महिला-बच्चों समेत 4 शव: मुखिया की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश; हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
Published:
3 min read

भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत (फाइल फोटो)।
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में एक घर के अंदर चार लोगों के शव मिले, जबकि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर के मुखिया ने ट्रेन के सामने आकर की आत्महत्या
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने पहले घर में मौजूद सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना का वास्तविक कारण और घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर के अंदर मिले चार लोगों के शव
जानकारी के मुताबिक, घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र में गौर मैरिज गार्डन के आगे स्थित मालीखेड़ी की एक मल्टी की है। यहां एक घर के अंदर चार लोगों के शव मिले। मृतकों की पहचान सरस्वती साहू (50), सोमलता साहू (29), कृति साहू (10) और खुश साहू (6) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में मृतकों के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशंका है कि घर में मिले चारों शवों और नरेंद्र साहू की मौत के बीच संबंध हो सकता है। हालांकि, नरेंद्र साहू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर में चारों लोगों की मौत का घटनाक्रम क्या रहा, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस दोनों घटनास्थलों की कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों घटनास्थलों से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। घर में मिले चारों शवों और रेलवे ट्रैक पर मिले नरेंद्र साहू के शव के बीच संबंध की पड़ताल की जा रही है।पुलिस घटना के कारणों, घटनाओं के क्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पांचों लोगों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
ये भी पढे़ं- मुरैना के NH-44 पर कंटेनर में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो: मां-बेटे की मौत; 4 घायल, भोपाल से बदायूं जा रहा था परिवार

