भोपाल में एयरपोर्ट रोड स्थित घर पर आबकारी विभाग का छापा: 25 पेटी अवैध देशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार; बैरागढ़ के रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी की कार्रवाई
Published:
2 min read

आबकारी विभाग ने 25 पेटी अवैध शराब के साथ महिला तस्कर को गिरफ्तार किया।
भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। इसी कड़ी में टीम ने एयरपोर्ट रोड स्थित इंदप्रस्थ कॉलोनी में एक महिला के घर से देशी शराब की 25 पेटियां जब्त कीं। जब्त शराब की कुल मात्रा 225 बल्क लीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 95 हजार रुपये है। मामले में आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
घर से मिली 25 पेटी देशी शराब
आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने इंदप्रस्थ कॉलोनी, एयरपोर्ट रोड निवासी हेमा सिंह (30 वर्ष) के घर से देशी मदिरा प्लेन की 25 पेटियां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि जब्त शराब का प्रदाय क्षेत्र राजगढ़ जिला था। विभाग ने शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। विभागीय जानकारी के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
बैरागढ़ के होटल और रेस्टोरेंट में भी जांच
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत आबकारी विभाग की दूसरी टीम ने देर रात बैरागढ़ क्षेत्र के कारवां रेस्टोरेंट, स्कायवा, कर्व रेस्टोरेंट सहित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से शराब पिलाने और शराब पीने से संबंधित मामलों में कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान जिला आबकारी अधिकारी संजीत बगोले, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक और विभागीय बल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- धार में ड्रोन से पकड़ाई 50 करोड़ की गांजे की खेती : 172 क्विंटल माल जब्त, एक माह में 25 केस दर्ज, 15 आरोपी गिरफ्तार

