भोपाल में ISBT बस टर्मिनल पर DRI ने फिर दी दबिश: 3.45 करोड़ की 4 किलो मेथामफेटामाइन ड्रग्स बरामद, दिल्ली से आ रहे दो तस्कर गिरफ्तार; डेढ़ महीने में तीसरी बड़ी रेड
Published:
3 min read

DRI ने भोपाल में पकड़ी 3.45 करोड़ की ड्रग्स, ISBT पर दो तस्कर गिरफ्तार।
भोपाल। राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिल्ली से बस में सवार होकर भोपाल पहुंचे थे। आईएसबीटी पर जांच के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 10 पैकेटों में छिपाकर रखी गई कुल 4 किलो 321 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपए आंकी गई है।
8 पैकेटों में मिली 4 किलो 71 ग्राम मेथामफेटामाइन
डीआरआई की जांच में सामने आया कि आरोपी नशीले पदार्थ को अलग-अलग तरीकों से छिपाकर रखे हुए थे, बरामद ड्रग्स में से आठ पैकेट भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए थे, जिन्हें एक ग्रे बैग में रखा गया था। इन पैकेटों में कुल 4 किलो 71 ग्राम मेथामफेटामाइन मिली। वहीं, बाकी दो पैकेट काले पाउच में रखकर पैंट के अंदर छिपाए गए थे। इनसे 250 ग्राम ड्रग्स बरामद हुई। जब्त पदार्थ का मौके पर एनडीपीएस फील्ड टेस्ट कराया गया, जिसमें मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद DRI ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप दिल्ली में कहां से लेकर आए थे और भोपाल में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
डेढ़ महीने में ISBT पर तीसरी बड़ी कार्रवाई
भोपाल का इंटर स्टेट बस टर्मिनल पिछले कुछ समय से नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर है। पिछले करीब डेढ़ महीने में यहां DRI की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार सामने आ रहे मामलों से दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाले बस रूट और उससे जुड़े परिवहन नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की आवाजाही की आशंका भी जांच के दायरे में है। इससे पहले 20 अक्टूबर को ISBT पर DRI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो 139 ग्राम ड्रग्स जब्त की थी, जिसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपए बताई गई थी। उस मामले में तस्करी के लिए सलवार-सूट में नशीला पदार्थ छिपाया गया था। वहीं, 14 अक्टूबर को इसी बस टर्मिनल पर एक महिला के पास से 2.6 किलो एम्फेटामाइन बरामद की गई थी।
रेलवे स्टेशन भी बन चुके हैं तस्करी के अड्डे
भोपाल में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले केवल बस टर्मिनल तक सीमित नहीं हैं। 23 और 24 सितंबर को भोपाल जंक्शन तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भी कार्रवाई करते हुए कुल 4.38 किलो ड्रग्स जब्त की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि तस्कर बस और रेल परिवहन के माध्यम से नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

