जबलपुर में वकील पर तलवार और बेसबॉल डंडों से जानलेवा हमला: अस्पताल में भर्ती, बंदूक दिखाकर पैसों की मांग का आरोप; अधिवक्ताओं ने दी थाने के घेराव की चेतावनी
Published:
2 min read

गंभीर रूप से घायल वकील रॉबिन के समर्थन में पहुंचे अधिवक्ताओं ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है।
जबलपुर। शहर में अधिवक्ता रॉबिन जैन पर कथित तौर पर तलवार और बेसबॉल के डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर वकीलों ने कोतवाली थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है।
बंदूक दिखाकर की दबाव बनाने की कोशिश
अधिवक्ता रॉबिन जैन के मुताबिक वे अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी क्षेत्र के विजय सिंह, बृजू, अंकुर और बिट्टू ने उन्हें बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनसे पैसों की मांग की और बंदूक दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश की। रॉबिन जैन ने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पीछे से तलवार, बेसबॉल के डंडों, लात और घूंसों से हमला किया गया। हमले में गंभीर चोट लगने से वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचे अधिवक्ता, पुलिस कार्रवाई की मांग
घटना की खबर मिलते ही जन कल्याण संघ के प्रदेश सचिव अधिवक्ता विकास कुमार सोनी और विदेश सचिव अधिवक्ता रोहित कुरेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंचे। वकीलों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की वारदात अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक से दो घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो शहर के अधिवक्ता कोतवाली थाने का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
विकास सोनी, साथी अधिवक्ता

