दीपावली पर बिजली सुरक्षा को लेकर मंत्री तोमर की अपील: अस्थाई दुकानों में ले कनेक्शन, बिजली लाइनों के नीचे न लगाएं पटाखों की दुकानें
Published:
2 min read

दीपावली पर बिजली सुरक्षा का रखें ध्यान, ऊर्जा मंत्री ने की अपील।
भोपाल। दीपावली पर बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मंगलवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रदेश के नागरिकों और व्यापारियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें बिजली की लाइनों या ट्रांसफार्मर के नीचे और उनसे सटाकर नहीं लगाएं। थोड़ी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
बिजली की लाइनों आतिशबाजी न करें
मंत्री ने नागरिकों से भी कहा कि बिजली की लाइनों के नीचे या आसपास पटाखे न जलाएं और आतिशबाजी न करें। दीपावली पर घरों और दुकानों में रोशनी की सजावट करते समय बिजली सुरक्षा के नियमों का पालन करें।
स्वीकृत भार के अनुसार ही करें बिजली का उपयोग
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि दीपावली पर रोशनी के लिए उपभोक्ता अपने बिजली कनेक्शन के स्वीकृत भार के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें। बिना अनुमति अतिरिक्त भार बढ़ाने या सीधे तार डालकर बिजली लेने से बचें। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी करना और बिना अनुमति स्वीकृत भार से अधिक बिजली का उपयोग करना गैरकानूनी है। बिजली अधिनियम, 2003 के तहत ऐसे मामलों में दंड का प्रावधान है।
अस्थायी दुकानों के लिए लें बिजली कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने मिठाई, मूर्ति, सजावट की सामग्री, बर्तन और पटाखे बेचने वाले व्यापारियों से नियमानुसार अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुकानों में रोशनी के लिए बिजली का अनधिकृत उपयोग न करें। सभी व्यापारी सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि दीपावली पर बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके और त्यौहार सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।
ये भी पढ़ें- भोपाल में IAS विवेक पोरवाल के बंगले में चोरी: चंदन का पेड़ काट ले गए चोर; DGP आवास के पड़ोस की वारदात

