भोपाल में CM निवास पर BJP कोर ग्रुप की अहम बैठक: राज्यसभा सीट के लिए बनेगा 4-5 नामों का पैनल, UCC और 3 साल की उपलब्धियों पर हुआ मंथन
Published:
3 min read

मुख्यमंत्री निवास में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में सीएम डॉ मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी विप्लव देव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह समेत अन्य सदस्य।
भोपाल। राजधानी में मुख्यमंत्री निवास पर सोमवार, 26 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, राज्यसभा की एक सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों, समान नागरिक संहिता (UCC) और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।
राज्यसभा सीट के लिए 4-5 नामों का पैनल तैयार होगा
बैठक में राज्यसभा की एक सीट के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। इसके लिए 4 से 5 नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की रणनीति बनाई गई है। अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में निकलेगी बड़ी रैली
भाजपा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी कर रही है। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना है। इन कार्यक्रमों में एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
केंद्र की योजनाओं का लाभ दिलाने बनेगी विशेष टीम
बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष टीम बनाने पर चर्चा हुई। इसके लिए मंत्रियों के नेतृत्व में व्यवस्था विकसित करने और केंद्र के प्रत्येक मंत्रालय से एक सांसद को जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
प्रधानमंत्री के पिता पर टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे पर पार्टी का विरोध दर्ज कराया।
समान नागरिक संहिता पर भी हुआ मंथन
मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के मुद्दे पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। हालांकि, इस संबंध में किसी अंतिम निर्णय या समयसीमा की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक होगी।
तीन साल की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की तैयारी
मोहन यादव सरकार के तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए भी रणनीति बनाई जा रही है। बैठक में मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कार्यों को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के कामकाज और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके अलावा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी

