अनूपपुर में नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 20 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा कार और 3.45 लाख कैश जब्त
Published:
4 min read

गांजे तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस।
अनूपपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी के मामलों का पर्दाफाश किया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अनूपपुर कोतवाली एवं भालूमाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 20 किलो 897 ग्राम गांजा, 3 लाख 45 हजार 700 रुपए नकद और एक क्रेटा कार जब्त की है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 7 हजार 800 रुपए है। कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के स्रोत और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
नशामुक्त प्रदेश अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई
एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कड़वे ने बताया कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने ग्राम मानपुर के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया।
मानपुर के पास क्रेटा कार से गांजा बरामद
अनूपपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मानपुर के पास गांजा तस्करी की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र निवासी 43 वर्षीय एवं 24 वर्षीय दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार 800 रुपए बताई गई है।
आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 45 हजार 700 रुपए नकद और सफेद रंग की क्रेटा कार भी जब्त की है। कार की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी अन्य जिलों एवं थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
कोतवाली पुलिस की टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक शिव शंकर प्रजापति, नितिन नामदेव और आरक्षक सोनू यादव शामिल रहे।
भालूमाड़ा पुलिस ने दारसागर में तीन तस्करों को पकड़ा
दूसरी कार्रवाई भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में की गई। एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मुखबिर से शिवलहरा रोड दारसागर में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके कंधों पर बैग टंगे हुए थे। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान रंजीत सिंह ठाकुर (24), पिता गोठालू सिंह ठाकुर, रंजीत सिंह ठाकुर (25), पिता मुन्ना सिंह ठाकुर,
दोनों निवासी ग्राम भजिया, थाना नोहटा, जिला दमोह तथा आशीष ठाकुर (19), पिता रंधीर सिंह ठाकुर, निवासी ग्राम छापरी ठाकुर, थाना हिंडोरिया, जिला दमोह के रूप में बताई। विधिवत तलाशी के दौरान तीनों के बैग से 15 किलो 617 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और भालूमाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20बी के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
भालूमाड़ा पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य स्रोतों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। अनूपपुर जिले में एक ही रात दो थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- NCL की सहायक फोरमैन भर्ती रद्द करने पर कानूनी घमासान: चयनित अभ्यर्थियों ने MP हाईकोर्ट में चुनौती दी, कंपनी को नोटिस

