अनूपपुर के जमुना कॉलरी में धंसी जमीन: घर के आंगन में बना गहरा गड्ढा, हादसे के बाद परिवार में दहशत; SECL से जांच और सुरक्षा इंतजाम की मांग
Published:
2 min read

जिले के जमुना कॉलरी वार्ड क्रमांक 5 में रानी प्रजापति के घर के आंगन की जमीन अचानक धंस गई, जिससे गहरा गड्ढा बन गया।
अनूपपुर। नगर पालिका परिषद पसान के जमुना कॉलरी वार्ड क्रमांक 5 में गुरुवार सुबह अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। रानी प्रजापति के घर के आंगन में दीवार के पास जमीन धंसने से गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत है। गनीमत रही कि हादसे के समय आंगन में कोई मौजूद नहीं था।
कोयला खनन क्षेत्र में भू-धंसाव से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार के सदस्य घर में थे, तभी आंगन की जमीन अचानक नीचे धंस गई। गड्ढा इतना गहरा है कि उसकी वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने या मकान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। जमुना कॉलरी कोयलांचल क्षेत्र है, जहां पहले से कोयला खनन गतिविधियां होती रही हैं। ऐसे में लोगों को आशंका है कि भू-धंसाव का संबंध पुरानी खदानों या भूमिगत खनन से हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
SECL से निरीक्षण और गड्ढे की घेराबंदी की मांग
घटना की सूचना SECL के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। स्थानीय नागरिकों ने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम से मौके का निरीक्षण कराने, गड्ढे की गहराई और आसपास की जमीन की स्थिति का आकलन करने की मांग की है। इसके अलावा, लोगों ने प्रभावित स्थल की घेराबंदी करने और वहां चेतावनी संकेत लगाने की मांग भी की है, ताकि कोई व्यक्ति अनजाने में गड्ढे के पास न पहुंचे और किसी अनहोनी से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें- धार में सहकारी समिति मैनेजर के 3 ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: 40 लाख की आय, 3.32 करोड़ का खर्च

