ट्रम्प ने चुनाव में हार मानी, धमकी भी दी: कहा- डेमोक्रेट्स साथ नहीं देंगे तो VETO लगाऊंगा, ईरान जंग तभी खत्म होगी जब मैं चाहूंगा; और क्या-क्या कहा
Published:
5 min read

अमेरिका में बुधवार को आए मिडटर्म इलेक्शन रिजल्ट्स में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार हुई। (फोटो सोर्स: Reuters)
नेशनल डेस्क। अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा। डेमोक्रेटिक पार्टी ने दोनों सदनों (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट) में बहुमत हासिल कर लिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी हार स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने डेमोक्रेट्स को जीत की बधाई देते हुए कहा कि वह देशहित में विपक्षी पार्टी के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं।
हालांकि, ट्रम्प ने इसके साथ ही डेमोक्रेट्स को चेतावनी भी दे दी। उन्होंने कहा कि अगर डेमोक्रेट्स उनके साथ मिलकर काम नहीं करेंगे, तो वह उनके लाए हर बिल पर वीटो (VETO) लगा देंगे। यानी राष्ट्रपति के तौर पर अपने अधिकार का इस्तेमाल करके कानून बनने से रोकेंगे।
'हर चीज पर वीटो लगा दूंगा'
CBS न्यूज को दिए एक फोन इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा- डेमोक्रेट्स को बधाई। मैं देश के भले के लिए उनके साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं। ट्रम्प ने आगे कहा- मुझे लगता है कि वे भी मेरे साथ काम करना चाहेंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मैं हर चीज पर वीटो लगा दूंगा और वे ऐसा नहीं चाहेंगे।
चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर ट्रम्प ने अपनी सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि अगर वह खुद चुनाव में उम्मीदवार होते, तो पार्टी आसानी से जीत जाती।
ट्रम्प ने CBS न्यूज से बातचीत में कहा- मैं बैलेट पर नहीं था और इस बारे में कुछ नहीं किया जा सकता था। अगर मैं चुनाव लड़ रहा होता, तो हम जीत जाते।
रिपब्लिकन कैंडिडेड्स पर ही फोड़ दिया हार का ठीकरा
ट्रम्प ने हार के लिए कुछ रिपब्लिकन कैंडिडेड्स को भी जिम्मेदार ठहराया। ट्रम्प के मुताबिक, कुछ उम्मीदवार वोटर्स के बीच लोकप्रिय नहीं थे, जबकि कुछ ऐसे थे जो उनके समर्थक नहीं थे। उन्होंने कहा कि मेरे सपोटर्स को यह बात पता थी और इसी वजह से वे वोट डालने के लिए बाहर नहीं आए।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी कोशिश की। उन्होंने कहा- मैंने लोगों को जिताने में मदद करने की कोशिश की, लेकिन वे जीत नहीं सके। मैंने पूरी मेहनत की और अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी।

ईरान जंग पर बोले- जब मैं चाहूंगा, तभी खत्म होगी
चुनाव नतीजों के बीच ट्रम्प ने ईरान के साथ चल रही जंग को लेकर भी बयान दिया। CBS न्यूज से बातचीत में उनसे पूछा गया कि क्या अब जंग भी खत्म हो जाएगी? इस पर ट्रम्प ने कहा- ईरान की जंग तभी खत्म होगी, जब मैं चाहूंगा। यह मूल रूप से तब खत्म होगी, जब मैं कहूंगा कि यह खत्म हो गई है।
उनका यह बयान खास इसलिए है क्योंकि मिडटर्म में रिपबल्किंस की हार का एक कारण ईरान से बेवजह जंग करना भी माना जा रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्यादातर लोगों को लगता है कि इजराइल के दबाव में ट्रम्प ने ईरान के साथ जंग छेड़ी, जिसके चलते अमेरिका को बहुत नुकसान उठाना पड़ा।
कैसे रहे अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के रिजल्ट?
मिडटर्म इलेक्शन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट में बहुमत हासिल कर चुकी है। इस नतीजे को ट्रम्प की नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह ईरान के साथ जारी जंग, महंगाई और टैरिफ को लेकर अमेरिकी वोटरों में नाराजगी का नतीजा है।
अमेरिकी सीनेट में 100 सीट होती हैं। यहां 35 सीटों पर चुनाव हुए। 30 पर रिजल्ट आ चुके हैं। नतीजों के बाद सीनेट में डेमोक्रेट्स के पास 53 सीटें हो गई हैं। रिपब्लिकंस के पास 42 हैं। 5 सीटों पर नतीजे आने बाकी हैं। इसी तरह हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की 435 सीटों में डेमोक्रेट्स के खाते में 221 सीट आ चुकी है। यानी यहां भी बहुमत का आंकड़ा (218) पार हो चुका है। रिपब्लिकंस यहां 130 पर अटक गए हैं। 84 सीटों पर काउंटिंग जारी है।
अब ट्रम्प को रोक सकेंगे डेमोक्रेट्स
अमेरिका में संसद के दो सदन हैं- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट। दोनों में डेमोक्रेट्स का बहुमत होने से ट्रम्प प्रशासन पर उनकी पकड़ बढ़ जाएगी।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स: डेमोक्रेट्स ट्रम्प सरकार के फैसलों की जांच के लिए कमेटियां बना सकेंगे। अधिकारियों को सुनवाई के लिए बुलाने और जरूरी दस्तावेज मांगने का अधिकार भी उनके पास होगा।
सीनेट: यहां बहुमत मिलने से डेमोक्रेट्स को कानून बनाने की प्रोसेस में ज्यादा ताकत मिलेगी। वे ट्रम्प की ओर से की जाने वाली कई नियुक्तियों को रोकने या उनमें देरी करने की कोशिश कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें...

