छत्तीसगढ़ के चावल कारोबारी की चंडीगढ़ में संदिग्ध मौत : 5-सितारा होटल के कमरे में बेसुध मिले दीपक मित्तल, साथ आई महिला से पूछताछ जारी
Published:
2 min read

चावल कारोबारी दीपक मित्तल की संदिग्ध मौत।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चावल कारोबारी दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ स्थित पांच सितारा होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव बुधवार तड़के होटल ताज के कमरे में मिला। मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
मार्कफेड की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे चंडीगढ़
जानकारी के अनुसार, दीपक मित्तल रायपुर के आमासिवनी स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक (एमडी) थे। वह मार्कफेड की एक व्यावसायिक बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ गए थे और वहां होटल ताज में ठहरे हुए थे।
कमरे में बेसुध मिले कारोबारी
बताया जा रहा है कि 21 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे के बाद उनकी मौत हुई होगी। बुधवार तड़के होटल के एक वेटर ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाने पर दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध मिले। होटल प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से शराब की बोतल और दवाइयां बरामद
घटना की सूचना मिलने पर चंडीगढ़ पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच में नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आखिरी रात साथ आई महिला से पूछताछ
मामले में सामने आया है कि घटना से एक रात पहले दीपक मित्तल के साथ एक महिला होटल पहुंची थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच के तहत होटल के सीसीटीवी फुटेज और वहां आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद रायपुर के कारोबारी जगत में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें- रायपुर में फैक्ट्री में फिल्मी अंदाज में चोरी : चौकीदार को बांधकर पीटा, 800 किलो कॉपर वायर ले उड़े बदमाश

