रायपुर में फैक्ट्री में फिल्मी अंदाज में चोरी : चौकीदार को बांधकर पीटा, 800 किलो कॉपर वायर ले उड़े बदमाश, CCTV कैमरे तोड़कर DVR भी उखाड़ ले गए
Published:
2 min read

अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में बंदूक की नोक पर कॉपर चोरी।
रायपुर। हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 4 से 5 की संख्या में पहुंचे चोरों ने चौकीदार को रस्सी से बांधकर उसकी पिटाई की और करीब साढ़े तीन घंटे तक फैक्ट्री में उत्पात मचाया। बदमाश लगभग 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर पिकअप वाहन से फरार हो गए। चोरी गए तार की कीमत 10 से 12 लाख रुपए आंकी जा रही है।
चौकीदार को बांधकर कमरे में किया बंद
घटना देर रात करीब 1:30 बजे की है। फैक्ट्री में घुसे बदमाशों ने सबसे पहले वहां तैनात चौकीदार को अपने कब्जे में लिया। उसके हाथ-पैर बांधकर पिटाई की और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद चोरों ने फैक्ट्री में लगे महंगे कॉपर वायर को निशाना बनाया और बड़ी मात्रा में तार काटकर अपने साथ ले गए।
CCTV कैमरे तोड़े, DVR भी ले गए
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने सबूत मिटाने के इरादे से फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। सुबह कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे तो चौकीदार बंधा हुआ मिला। इसके बाद घटना की सूचना कबीर नगर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों और हीरापुर की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में ऐसे गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसे फैक्ट्री की अंदरूनी गतिविधियों की जानकारी थी। फैक्ट्री में हुई इस बड़ी चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

