त्यौहारों पर रायपुर में जाम से निपटने की तैयारी तेज: ड्रोन और ITMS कैमरों से निगरानी करेगी पुलिस; गलत पार्किंग पर कटेगा ई-चालान
Published:
3 min read

रायपुर में त्यौहारों पर हाईटेक ट्रैफिक प्लान, ड्रोन से होगी निगरानी( (फाइल फोटो)।
रायपुर। धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने हाईटेक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इस बार शहर में यातायात व्यवस्था पर ड्रोन कैमरों, ITMS कैमरों और गूगल मैप्स के रियल-टाइम ट्रैफिक डेटा से नजर रखी जाएगी। इसका उद्देश्य जाम की समस्या को कम करना और लोगों को सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा देना है।
कंट्रोल रूम से होगी ट्रैफिक की निगरानी
त्यौहारों के दौरान प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने कंट्रोल रूम में निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। यहां ITMS कैमरों और गूगल मैप्स के रियल-टाइम ट्रैफिक डेटा की मदद से यातायात की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
जाम लगते ही मौके पर पहुंचेगी टीम
किसी मार्ग पर जाम, वाहनों की धीमी रफ्तार या सड़क पर वाहनों की अधिक भीड़ दिखाई देने पर कंट्रोल रूम से संबंधित सेक्टर प्रभारी, पेट्रोलिंग टीम और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को अलर्ट किया जाएगा। इसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित करेगी और जाम खुलवाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
गलत पार्किंग पर कटेगा ई-चालान
यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने और बेतरतीब पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। ITMS कैमरों और ड्रोन की मदद से ऐसे वाहनों की पहचान की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के ई-चालान काटे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर क्रेन की मदद से वाहन हटाए भी जाएंगे।
बाजारों और संकरे रास्तों पर अतिरिक्त जवान
त्यौहारों के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों और संकरे रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम की परेशानी का सामना कम करना पड़े और आपात स्थिति में रास्ते खुले रहें।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। लोगों से मुख्य सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया है। त्यौहारों के दौरान यातायात संबंधी परेशानी या आपात स्थिति में सहायता के लिए पुलिस ने 9479210632 नंबर जारी किया है। जरूरत पड़ने पर नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बैगा बच्चों की मौत और धान खरीदी पर रायपुर में सियासत: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का सरकार पर हमला
अर्चना झा, DCP ट्रेफिक रायपुर

