कोरबा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 नाबालिग निरुद्ध; आरोपियों के पास से चोरी 4 बाइक बरामद
Published:
2 min read

उरगा पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
कोरबा। उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कोरबा जिले से चोरी की गई दो और सक्ती जिले के नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों समेत कुल चार बाइक बरामद की गई हैं। इसके अलावा एक बाइक का साइलेंसर भी जब्त किया गया है।
चोरी के दोनों मामले... एक्साइड कंपनी के 15 बैटरियां भी चोरी
पहला मामला ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी में चोरी का है। 10 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने शोरूम की छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोडक़र नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं। जांच के दौरान पुलिस ने बरपाली रोड से शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर बाइक और उसका साइलेंसर बरामद किया गया। बैटरियों को हसदेव नदी में फेंकने की बात सामने आई।
दूसरा मामला... तीन आरोपी गिरफ्तार एक नाबालिग भी शामिल
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर की शाम भैसमा चौक से हीरो स्प्लेंडर चोरी हुई थी। पुलिस ने सागौन बाड़ी, भैसमा के पास महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में भैसमा बाजार से बाइक चोरी करना स्वीकार किया गया। जांच में दोनों मामलों के आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल का भी पता चला। पुलिस ने चारों बाइक बरामद कर लीं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

