धान खरीदी से पहले कोरबा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: कटघोरा के 3 गोदामों पर टीम ने मारा छापा, 250 बोरी अवैध धान जब्त
Published:
2 min read

कटघोरा में तीन गोदामों पर प्रशासन की छापेमारी, फाइल फोटो।
कोरबा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के कटघोरा में प्रशासन की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग गोदामों पर छापेमारी कर 250 बोरी मोटा धान जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता टीम ने यह कार्रवाई की।
जांच के दौरान दिलीप अग्रवाल के गोदाम से 75 बोरी, यतीश जायसवाल के गोदाम सह मकान से 50 बोरी और पवन अग्रवाल के गोदाम से 125 बोरी मोटा धान बरामद किया गया। इस तरह तीनों स्थानों से कुल 250 बोरी धान जब्त किया गया।
15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
कोरबा जिले में 15 नवंबर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होनी है। खरीदी प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रशासन को आशंका है कि कुछ बिचौलिए किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य का लाभ लेने के उद्देश्य से अवैध रूप से धान का भंडारण कर रहे हैं। ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाते हुए जांच अभियान तेज कर दिया है।
मंडी अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण, परिवहन और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। छापेमारी के दौरान कटघोरा तहसीलदार सूर्य प्रकाश केसकर, मंडी सचिव नारायण पटेल, मंडी सब इंस्पेक्टर आकाश भारद्वाज और दिनेश कुमार सहित संयुक्त जांच दल के सदस्य मौजूद रहे।

