कांकेर कृषि कॉलेज के प्रोफेसर गिरफ्तार: छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल में कम अंक की धमकी देने का आरोप
Published:
2 min read

छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने वाला प्रोफेसर 24 घंटे में अरेस्ट
कांकेर। टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में पुलिस ने एक प्रोफेसर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
प्रोफेसर ने टेलीग्राम के जरिए छात्रा को भेजा अश्लील वीडियो
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 27 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर पियूष कान्त नेताम ने 25 सितंबर 2026 को टेलीग्राम के माध्यम से उसे अश्लील वीडियो भेजा था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले भी उससे अश्लील बातें करता था। वहीं, प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 75(3), 351(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कृषि महाविद्यालय, कांकेर परिसर में मौजूद है। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर 28 अक्टूबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कांकेर पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर *94791-55125* जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

