दुर्ग के नंदौरी गांव में 5 महिलाओं से बर्बर मारपीट: बच्चा चोरी के शक में पीटने का वीडियो वायरल, पुलिस ने कहा- महिलाएं जबरन घरों में घुसकर पैसे मांग रही थीं
Published:
2 min read

बच्चा चोरी के शक में 5 महिलाओं से बर्बर मारपीट
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चा चोरी के शक के बीच महिलाओं को घेरकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग महिलाओं के बाल खींचते और उनके साथ लात-घूंसों व लाठियों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने बच्चा चोरी की आशंका को खारिज करते हुए विवाद की वजह महिलाओं द्वारा कथित तौर पर घरों में घुसकर पैसे मांगना बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिलाओं को घेरकर की मारपीट
ग्रामीणों के अनुसार, पांच महिलाएं ऑटो से नंदौरी गांव पहुंची थीं। इसी दौरान बच्चों के चिल्लाने पर ग्रामीणों को बच्चा चोरी का संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने महिलाओं को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि महिलाओं के साथ आए दो लोग मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने बच्चा चोरी की आशंका को नकारा
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विजय यादव ने बच्चा चोरी की आशंका को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस के मुताबिक, महिलाएं कथित तौर पर घरों में घुसकर जबरन पैसे मांग रही थीं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और ग्रामीणों ने महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
महिलाओं की पहचान का सत्यापन
फिलहाल पुलिस महिलाओं की पहचान और उनके पते का सत्यापन कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

