Karbonn की स्मार्टफोन बाजार में वापसी: Rebel Series में 2 फोन आएंगे; 7000mAh बैटरी और Android 16 से लैस होंगे
Published:
2 min read

Karbonn Rebel Pro में 6.7 इंच का डिस्प्ले होगा। फोन फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगा। (फोटो सोर्स- Amazon)
टेक डेस्क। भारतीय टेक कंपनी Karbonn जल्द ही स्मार्टफोन मार्केट में कमबैक करने जा रही है। कंपनी अपनी नई Rebel Series के दो फोन 'Karbonn Rebel Pro' और 'Karbonn Rebel' लॉन्च करेगी। दोनों फोन के लिए माइक्रोसाइट लाइव हो गई है। जहां इनके डिजाइन और कुछ स्पेसिफिकेशन की जानकारी दी गई हैं। कंपनी के मुताबिक, दोनों फोन Android 16 पर चलेंगे। इनमें कोई गैर जरूरी ऐप नहीं मिलेगा।
Rebel Pro और Rebel में डिजाइन और कलर
Karbonn Rebel Pro में फ्लैट रियर पैनल दिया गया है। पीछे ऊपर बाईं तरफ वर्टिकल कैमरा मॉड्यूल मिलता है। फोन में फ्लैट मिड फ्रेम के साथ दाईं तरफ पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। नीचे USB Type-C पोर्ट मिलेगा।
Karbonn Rebel में भी फ्लैट रियर पैनल है। इसका कैमरा मॉड्यूल हॉरिजॉन्टल शेप में है। इसमें तीन कैमरा कटआउट ट्रायंगल के शेप में नजर आते हैं। इनके पास LED फ्लैश दिया गया है। दोनों डिवाइस के बटन की जगह लगभग एक जैसी है। Rebel Pro ब्लू, बरगंडी, गोल्ड और ग्रे कलर में आएगा, जबकि Rebel तीन रंग ब्लू, गोल्ड और सिल्वर में उपलब्ध होगा।

7000mAh तक की बैटरी और 6.7 इंच डिस्प्ले
Karbonn Rebel Pro में 6000mAh की बैटरी मिलेगी, जो 20W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करेगी। कंपनी बॉक्स में 20W चार्जर और USB Type-C केबल भी देगी। वहीं, Karbonn Rebel में 7000mAh की बैटरी मिलेगी। हालांकि इसमें 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा।
Rebel Pro में 6.7 इंच का एचडी+ डिस्प्ले मिलेगा। जिसकी पीक ब्राइटनेस 720 निट्स तक होगी और रिफ्रेश रेट 120Hz तक होगा। Rebel में 6.75 इंच का एचडी+टचस्क्रीन मिलेगा, जिसकी पीक ब्राइटनेस 650 निट्स तक होगी।

Android 16 और बिना ब्लोटवेयर के सॉफ्टवेयर
Karbonn Rebel सीरीज के दोनों फोन Android 16 पर चलेंगे। इनमें ब्लोटवेयर सॉफ्टवेयर नहीं मिलेगा, यानी यूजर्स को गैर जरूरी पहले से इंस्टॉल किए गए ऐप्स कम देखने को मिलेंगे। कंपनी दोनों फोन पर दो OS अपग्रेड और दो साल तक सिक्योरिटी पैच देगी। यह Amazon के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। हालांकि कंपनी ने अभी इनकी लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं किया है।
यह भी पढ़ें-

