उज्जैन के काल भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट: बुजुर्ग महिला को धक्का देकर बाहर निकाला; सुरक्षाकर्मियों से हुआ विवाद
Published:
2 min read
MP-CG डेस्क. उज्जैन के काल भैरव मंदिर में एक बार फिर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस बार मारपीट में महिला श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी की गई, वहीं एक बुजुर्ग महिला को भी धक्का देकर मंदिर के बाहर कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब मंदिर के सुरक्षाकर्मियों और प्रबंधन करने वाले कर्मचारियों ने किया। हालांकि घटना के बाद दोनों पक्षों ने ही शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। वायरल हो रहे वीडियो में मंदिर के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी महिलाओं के हाथ पकड़कर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दो बुजुर्ग महिलाएं भी नजर आ रही हैं जो एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन सुरक्षाकर्मी उन्हें भी धक्का देकर बाहर निकालते दिख रहे हैं।
मामले की जानकारी लेने के लिए प्रशासक एल.एन. गर्ग से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने न फोन रिसीव किया।
महाराष्ट्र से आए थे श्रद्धालु
थाना प्रभारी आरएस शक्तावत के अनुसार घटना मंदिर के मुख्य द्वार के पास हुई। महाराष्ट्र से 40 लोगों का ग्रुप महाकाल मंदिर के दर्शन करने के बाद काल भैरव मंदिर पहुंचा था। मंदिर में भीड़ अधिक थी, जिसके कारण कर्मचारी सभी को जल्दी दर्शन कर आगे बढ़ने के लिए कह रहे थे। इसी दौरान दल की महिलाओं और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद दोनों पक्ष भैरवगढ़ थाने पहुंचे, लेकिन दोनों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया।
पिछले साल भी हुआ था विवाद
साल 2024 में भी काल भैरव मंदिर में विवाद हुआ था, जब चार सुरक्षाकर्मियों ने एक श्रद्धालु को डंडे, पाइप और बेल्ट से पीट दिया था। तब भी घटना का वीडियो सामने आया था और गार्ड्स की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।

