बारिश के मौसम में घरों में घुसे खतरनाक सांप: कनकी में कोबरा और बरपाली में 6 फीट लंबे अहिराज का रेस्क्यू, जंगल में सुरक्षित छोड़ा
Published:
2 min read
कनकी में कोबरा और बरपाली में 6 फीट लंबे अहिराज का रेस्क्यू
कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश और उमस के कारण सर्पों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी बीच सावन माह में कनकेश्वर धाम कनकी और बरपाली क्षेत्र में दो अलग-अलग घरों में जहरीले सांप मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर ने दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
कनकी में घर की अलमारी के नीचे मिला विशाल कोबरा
कनकेश्वर धाम कनकी निवासी धर्मेंद्र राजवाड़े के घर में एक विशालकाय कोबरा कई दिनों से मौजूद था। बताया गया कि सांप ने चूहे का शिकार किया था और इसके बाद वह अलमारी के नीचे छिपकर बैठ गया था। सांप दिखाई देने पर परिवार ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी। नोवा नेचर के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने टीम सदस्य राजू बर्मन और राकेश को मौके पर भेजा। टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
बरपाली में 6 फीट लंबे अहिराज का रेस्क्यू
वहीं बरपाली क्षेत्र में रामाकांत शर्मा के घर के पास लगभग 6 फीट लंबा अहिराज (Banded Krait) मिला। बताया गया कि अहिराज ने एक धमना (Rat Snake) का शिकार किया था और काफी देर तक वहीं रुका रहा। परिजनों ने उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन सांप वहां से नहीं गया। इसके बाद जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई। टीम सदस्य राकेश मानिकपुरी मौके पर पहुंचे और सावधानी से अहिराज का रेस्क्यू कर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
लोगों ने रेस्क्यू टीम का जताया आभार
दोनों घटनाओं में घर वालों ने जितेंद्र सारथी और उनकी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि टीम दिन-रात लोगों की मदद के लिए कई किलोमीटर दूर पहुंचती है और मानव-सर्प संघर्ष को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
नुकसान न पहुंचाने की अपील
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में यदि घर या आसपास कोई सांप दिखाई दे तो उसे मारने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सर्प प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला का अहम हिस्सा हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
जितेंद्र सारथी, सदस्य नोवा नेचर सोसाइटी
मकान मालिक

