भोपाल में चलती थार की छत पर बैठकर युवक-युवती का जानलेवा स्टंट: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
Published:
2 min read
भोपाल में बीच सड़क जानलेवा स्टंट!
भोपाल। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाकर युवा अपनी जान से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। चलते दो और चार पहिया वाहनों में स्टंट करने के वीडियो के बाद होने वाली कार्रवाई से भी युवाओं को कोई खौफ नहीं है। वैसा ही एक मामला फिर से सामने आया जहां रात के समय एक थार कार की छत पर बैठकर एक युवक और युवती स्टंट कर रहे हैं।
थार की छत पर बैठकर स्टंट करने का वीडियो वायरल
अब उनका सड़क पर जान जोखिम में डालने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में न्यू मार्केट के टीटी नगर थाने के पास चलती थार कार की छत पर लड़का और लड़की बैठे नजर आ रहे हैं। देर रात का बताया जा रहा यह वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
ट्रैफिक नियमों की उड़ीं धज्जियां
चलती गाड़ी की छत पर बैठकर इस तरह का स्टंट करना न केवल खुद की, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही इस लापरवाही को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी
एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर थार गाड़ी की पहचान करने के प्रयास पुलिस कर रही है। गाड़ी और उसमें सवार लोगों की पहचान होने के बाद जल्द कार्रवाई की जाएगी।
अनिल शर्मा, एडीसीपी

