भोपाल के चौक बाजार में दिनदहाड़े चोरी: कॉस्मेटिक दुकान में खरीदारी में व्यस्त थी मां, बदमाश ने बच्ची के गले से उड़ाया सोने का लॉकेट; CCTV में कैद हुई वारदात
Published:
2 min read
चौक बाजार में कॉस्मेटिक दुकान पर 8 माह की बच्ची के गले से सोने का लॉकेट चोरी। घटना CCTV कैमरे में कैद।
भोपाल। राजधानी के पुराने शहर स्थित चौक बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां खरीदारी करने पहुंची एक महिला की 8 माह की मासूम बच्ची के गले से अज्ञात चोर सोने का लॉकेट चोरी कर ले गया। घटना शहर की एक कॉस्मेटिक दुकान में हुई, जहां आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
काला धागा काटकर ले गया लॉकेट
जानकारी के मुताबिक, बच्ची की मां दुकान में खरीदारी करने में व्यस्त थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने मौका पाकर बच्ची के गले में बंधे काले धागे को काट दिया और उसमें बंधा सोने का लॉकेट लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए सोने का वजन करीब 3 ग्राम बताया जा रहा है।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
घटना की शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।
भीड़भाड़ वाले बाजार में चोरी से सुरक्षा पर सवाल
चौक बाजार जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार की सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा टिकट पर भोपाल में विरोध तेज: NSUI ने फूंका पुतला, एपस्टीन फाइल्स को लेकर प्रदर्शन

