विराट ने टेस्ट से रिटायरमेंट पर तोड़ी चुप्पी: बोले- जब दाढ़ी कलर करनी पड़े तो समझ लेना चाहिए कि वक्त आ गया; अगस्त में वनडे खेल सकते हैं कोहली
Published:
4 min read

विराट कोहली ( फाइल फोटो ) सोर्सः PIT Images
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। पहले रोहित ने टेस्ट से रिटायरमेंट लिया, उसके कुछ दिन बाद विराट के अचानक लिए फैसले ने फैंस और क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। विराट ने लंबे समय तक अपने फैसले पर चुप्पी बनाए रखी। लेकिन अब उन्होंने रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। कोहली अब अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलते दिख सकते हैं।
दरअसल, युवराज सिंह इस समय इंग्लैंड में हैं, जहां उन्होंने अपने YouWeCan Foundation के लिए गाला डिनर रखा। इसमें क्रिकेट जगत के बड़े दिग्गज शामिल हुए। डिनर में भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद थे। आयोजन में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, केविन पीटरसन, क्रिस गेल, ब्रायन लारा और आशीष नेहरा जैसे दिग्गज भी नजर आए।
स्टेज पर बोले विराट
जब गौरव कपूर ने विराट को स्टेज पर बुलाया, तो किसी तरह उन्होंने विराट से टेस्ट से रिटायरमेंट पर बात की और कहा कि मैदान पर सबको विराट की बहुत याद आती है। इस पर विराट ने कहा, ‘मैंने दो दिन पहले ही अपनी दाढ़ी रंगी थी। जब आपको हर चार दिन में दाढ़ी कलर करनी पड़ती है तो समझ जाइए कि समय आ गया है।’
युवराज और कोहली का गहरा रिश्ता
कोहली ने कहा, 'मैं किसी के लिए नहीं आता, युवी पाजी के लिए जरुर आया। उनके लिए दिल में हमेशा सम्मान और प्यार रहेगा।'
रवि शास्त्री को दिया खास धन्यवाद
विराट और उनके कोच रवि शास्त्री का रिश्ता सभी को पता है। इस खास मौके पर विराट ने फिर शास्त्री का धन्यवाद किया कि उन्होंने शुरुआत में उनका साथ दिया, जिससे वह इतने बड़े खिलाड़ी बन सके।
विराट ने कहा, ‘मैं सच कहूं, अगर मैं उनके साथ काम नहीं करता तो टेस्ट में जो हुआ वो मुमकिन नहीं होता। हम दोनों के बीच जो समझ थी, वो बहुत कम मिलती है। ये किसी क्रिकेटर के लिए बहुत जरूरी है। मैं हमेशा उनकी इज्जत करता हूं। क्योंकि उन्होंने मेरे क्रिकेट करियर में बहुत बड़ा रोल निभाया।’
युवी, भज्जी और जहीर के साथ बिताए सुनहरे दिन
विराट ने टीम इंडिया में शुरुआती दिनों को भी याद किया, जब वे युवराज सिंह, हरभजन सिंह और जहीर खान जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम में रहते थे।
'हमारा मैदान पर और बाहर दोनों जगह बहुत अच्छा रिश्ता था। मैं युवी भाई से पहली बार बैंगलोर में नॉर्थ जोन टूर्नामेंट के दौरान मिला था। जब मैंने भारत के लिए खेलना शुरू किया, तो युवी पाजी, भज्जी पाजी और जहीर खान ने मुझे अपने साथ लिया। उन्होंने मुझे खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ने में मदद की, ड्रेसिंग रूम में सहज कराया। मैदान के बाहर भी हमने खूब मस्ती की। यह रिश्ता मैं जीवन भर याद रखूंगा।'
2011 वर्ल्ड कप के संघर्षों को किया याद
विराट ने 2011 वर्ल्ड कप की बात की, जहां कैंसर से जूझ रहे युवराज ने शानदार प्रदर्शन किया था। कोहली ने कहा कि हम उनके इतने करीब थे, लेकिन हमें अंदाजा नहीं था कि वो किस दर्द से जूझ रहे हैं। लेकिन जिस तरह से उन्होंने उस जंग से जीत हासिल की और टीम में वापसी की वो वास्तव में एक चैंपियन हैं।
कोहली ने आगे साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ कटक वनडे मैच से जुड़ा एक खास पल शेयर किया। उन्होंने कहा कि जब टॉप ऑर्डर जल्दी ही आउट हो गया, तब युवी पाजी ने 150 और एमएस धोनी ने 110 रन बनाए थे। मैंने केएल राहुल से कहा था कि ये वही बचपन वाला मैच लग रहा है जब हम टीवी पर देखते थे।

