एक मैच में दो हैट्रिक: भारतीय मूल के स्पिनर ने इंग्लैंड में बनाया रिकॉर्ड, अब तक कोई नहीं कर सका ऐसा
Published: Updated:
2 min read

भारतीय मूल के इंग्लिश क्रिकेटर किशोर कुमार साधक। (PHOTOS: Ipswich & Colchester Cricket Club)
भारतीय मूल के इंग्लिश क्रिकेटर किशोर कुमार साधक ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे एक ही मैच में लगातार 2 ओवर में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। किशोर ने यह उपलब्धि इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में हासिल की है। इस रिकॉर्ड के बाद अब किशोर खेल जगत में ट्रेंड करने लगे हैं।
किशोर ब्रिटेन के इप्सविच शहर में रहते हैं। वे इप्सविच और कोलचेस्टर क्रिकेट क्लब के लिए क्रिकेट खेलते हैं। इसी दौरान इस स्पिनर ने काउंटीज चैम्पियनशिप डिवीजन सिक्स के एक मैच में यह उपलब्धि हासिल की।
5 बल्लेबाजों को बोल्ड किया
यह मुकाबला केसग्रेव के खिलाफ हुआ था। इसमें किशोर ने 21 रन देकर 6 विकेट लिए। उन्होंने लगातार 2 ओवर में 2 हैट्रिक लीं। इस दौरान किशोर ने 5 बल्लेबाजों को बोल्ड किया, जबकि एक को कैच आउट कराया। इनमें 5 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके थे। किशोर के इस दमदार प्रदर्शन के बदौलत टीम ने 7 विकेट से जीत हासिल की।
इसी मैच में किशोर ने एक रनआउट भी किया था। क्रिकेट में इससे पहले दो बार ऐसा हुआ है, जब किसी गेंदबाज ने एक ही मैच में 2 हैट्रिक ली हों। सबसे पहले 113 साल पहले इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड में एक मैच में 2 हैट्रिक का रिकॉर्ड बना था। तब ऑस्ट्रेलिया के जिमी मैथ्यूज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक ही मैच में दो हैट्रिक ली थीं।

किशोर ने इस तरह लगातार 2 ओवर में दो हैट्रिक ली।
रेस्टोरेंट में जाकर जमकर जश्न मनाया
इसके बाद 2017 में शेफील्ड शील्ड के एक मैच में ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने एक मैच में दो हैट्रिक ली थीं। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स टीम के लिए यह मैच खेला था। हालांकि यह दोनों ही हैट्रिक मैच (टेस्ट फॉर्मेट) की दोनों पारियों में ली गई थीं।
किशोर यह रिकॉर्ड बनाने के बाद बेहद खुश नजर आए। उन्होंने होटल में पार्टी कर जश्न मनाया। उन्होंने BBC एसेक्स के कार्यक्रम अराउंड द विकेट में कहा, ‘मुझे काफी ज्यादा फोन आए। हमने एक रेस्टोरेंट में ड्रिंक्स और खाने को एंजॉय किया। जब वह खिलाड़ी (छठा) आउट हुआ, तो मैं मानो आसमान में उड़ रहा था। यह अद्भुत पल था।’

