शाहिद अफरीदी को चीफ सिलेक्टर की पोस्ट ऑफर: रिपोर्ट- यूनुस खान हेड कोच, हफीज PCB चीफ के एडवाइजर बनेंगे
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप झेलने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़े बदलाव का सामना करना है। अब यह करीब-करीब तय हो गया है कि टेस्ट क्रिकेट रैंकिंग में सबसे निचली पायदान पर मौजूद इस टीम का मैनेजमेंट बदला जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- सबसे पहले बोर्ड मैनेजमेंट में तब्दीली की जा रही है। पाकिस्तान के न्यूज चैनल ‘एआरवाय’ ने बताया है कि PCB किसी भी वक्त इसका ऐलान कर सकता है। चलिए जानते हैं कि इस रिपोर्ट में किन नामों का जिक्र है।

शाहिद अफरीदी : चीफ सिलेक्टर
- पाकिस्तान के इस पूर्व ऑलराउंडर को चीफ सिलेक्टर बनाए जाने की तरफ इशारा करने वालों में पूर्व चीफ सिलेक्टर मोहम्मद वसीम भी शामिल हैं। उन्होंने एक शो में कहा- मैं अभी खुलकर कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन इतना तय है कि लाला (शाहिद अफरीदी का निक नेम) ही आने वाले दिनों में पाकिस्तान का चीफ सिलेक्टर होगा।
- शाहिद की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि PCB चीफ मोहसिन नकवी ने खुद उनसे संपर्क किया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि अफरीदी और नकवी की दुबई में मुलाकात हो चुकी है।
- इस मामले में एक दिक्कत ये हो सकती है कि शाहिद अफरीदी के दामाद शाहीन शाह अफरीदी खुद पाकिस्तान टीम का हिस्सा हैं और पिछले साल उनको कप्तान बनाए जाने के बाद कुछ ही दिनों में हटा दिया गया था। इसके बाद पहले सलमान अली आगा और बाद में बाबर को कप्तानी सौंपी गई।
- अगर, शाहिद को चीफ सिलेक्टर बनाया जाता है और कप्तानी का मसला उठता है तो शाहीन शाह का मामला एक बार फिर उठ सकता है और उन पर भी वही इल्जाम लगेंगे जो इंजमाम उल हक पर भतीजे इमाम उल हक को लेकर लगे थे।

यूनुस खान : हेड कोच
- पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मिडल ऑर्डर बैटर यूनुस खान को माइक हेसन की जगह हेड कोच बनाया जा सकता है। यूनुस से भी PCB चीफ नकवी की मुलाकात हाल ही में हुई थी।
- हालांकि, यूनुस को लेकर पाकिस्तान के कई सीनियर प्लेयर जैसे बाबर और शाहीन शाह अफरीदी शायद खुश नहीं रहेंगे। इसकी वजह यह है कि यूनुस को बहुत स्ट्रिक्ट और सिर्फ अपनी शर्तों पर काम करने वाला शख्स माना जाता है।
- यूनुस जब पाकिस्तान के कप्तान थे तो एक बार न्यूजीलैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम के 7 प्लेयर्स ने बगावत कर दी थी। मामला दबा नहीं रह सका था, क्योंकि कई प्लेयर्स ने मीडिया के सामने आकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे।

मो. हफीज : PCB चीफ मोहसिन नकवी के एडवाइजर
अब तक PCB को अकसर कोसने वाले पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और कप्तान मोहम्मद हफीज को PCB चीफ मोहसिन नकवी का चीफ क्रिकेट एडवाइजर बनाए जाने की चर्चा है। कहा जा रहा है कि उनकी रैंक एंड फाइल शाहिद अफरीदी और यूनुस खान से ऊपर होगी। PCB चीफ के तमाम ऑर्डर हफीज की तरफ से ही जारी होंगे।
एक सवाल बाकी
- इन रिपोर्ट्स के बीच एक सवाल पर सबकी नजर रहेगी। वो ये कि अगर यूनुस हेड कोच बनते हैं तो बॉलिंग कोच कौन होगा?
- इंग्लैंड टूर पर उमर गुल इस रोल में थे, लेकिन लगातार दो टेस्ट में हार के बाद गुल और हेड कोच सरफराज अहमद को PCB ने तीसरे टेस्ट के पहले ही मुल्क लौटने को कह दिया था। ऐसे में सवाल यही है कि इस रोल के लिए किसे चुना जाएगा।

