क्रिकेट के मैदान से सीधे जंगल सफारी: T-20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के सितारों ने लिया जंगल का सुकून, पेंच टाइगर रिजर्व पहुंचे सूर्यकुमार यादव समेत स्टार खिलाड़ी
Published:
3 min read

पेंच टाइगर रिजर्व मस्ती करते दिखे टीम इंडिया के सितारे।
सिवनी। भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम के कई स्टार खिलाड़ी अचानक मध्य प्रदेश के विश्वविख्यात पेंच टाइगर रिजर्व पहुंच गए। रविवार देर रात पेंच पहुंचे खिलाड़ियों ने जंगल से घिरे साज इन द फॉरेस्ट रिसोर्ट में विश्राम किया और सोमवार सुबह जंगल सफारी का रोमांच अनुभव किया। इसके बाद सभी खिलाड़ी दोपहर में नागपुर अभ्यास सत्र के लिए रवाना हो गए।
रात 11 बजे पहुंचे खिलाड़ी, सुबह ली जंगल सफारी
जानकारी के अनुसार भारतीय टीम के खिलाड़ी रविवार रात करीब 11 बजे पेंच टाइगर रिजर्व पहुंचे थे। रात जंगल के बीच स्थित रिसोर्ट में बिताने के बाद सोमवार सुबह कप्तान सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, ईशान किशन और रवि बिश्नोई ने जिप्सी वाहन में बैठकर जंगल सफारी का लुत्फ उठाया।
सफारी के दौरान दिखे तेंदुए, बाघ नहीं आए नजर
सफारी के दौरान खिलाड़ियों को बाघ के दीदार तो नहीं हो सके, लेकिन तेंदुए (लेपर्ड) और अन्य वन्य प्राणी नजर आए। खिलाड़ियों ने जंगल के शांत वातावरण, हरियाली और वन्यजीवों को नजदीक से देखने का अनुभव बेहद खास बताया। जिप्सी में सवार खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ मस्ती करते और प्रकृति की खूबसूरती का आनंद लेते नजर आए।
प्रशंसकों के साथ ली सेल्फी
जैसे ही खिलाड़ियों के पेंच पहुंचने की खबर फैली, रिजर्व क्षेत्र में मौजूद पर्यटक और क्रिकेट प्रशंसक उत्साहित हो गए। निजी दौरे पर आए खिलाड़ियों ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और सफारी के बाद सेल्फी लेने और मुलाकात के लिए समय निकाला। खिलाड़ियों की सादगी और अपनापन देखकर प्रशंसक बेहद खुश नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरें
पेंच प्रवास के दौरान खिलाड़ियों ने अपने एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर जंगल सफारी के फोटो और वीडियो साझा किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ वीडियो में खिलाड़ी रात के समय रिसोर्ट परिसर में मचान के आसपास नजर आ रहे हैं, तो वहीं सुबह की सफारी के दौरान जिप्सी में हंसी-मजाक करते दिखाई दे रहे हैं।
पेंच बना सेलिब्रिटी टूरिज्म का हॉटस्पॉट
क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों से दर्शकों का दिल जीतने वाले ये सितारे जब जंगल की गोद में सुकून के पल बिताते नजर आए, तो पेंच टाइगर रिजर्व एक बार फिर सेलिब्रिटी टूरिज्म का हॉटस्पॉट बन गया। वन विभाग के गाइड्स और स्थानीय स्टाफ के लिए भी यह पल यादगार रहा।
टी-20 सीरीज से पहले यह छोटा सा ब्रेक खिलाड़ियों के लिए मानसिक रूप से तरोताजा करने वाला रहा। अब सभी खिलाड़ी नागपुर में अभ्यास सत्र में जुटकर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज की तैयारियों में जुटेंगे।

