डक रिकॉर्ड: सचिन-कोहली या रोहित नहीं... ये है अकेला भारतीय जो कभी जीरो पर आउट नहीं हुआ
Published: Updated:
3 min read

बृजेश पटेल।
स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट में हर एक बल्लेबाज हमेशा ही बड़े से बड़ा स्कोर बनाने और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने की कोशिश में होता है। मगर एक ऐसा भी रिकॉर्ड है, जो कोई बल्लेबाज नहीं बनाना चाहेगा। यह जीरो यानी डक पर आउट होने का है। ऐसे कई क्रिकेटर मिल जाएंगे जो कभी ना कभी जीरो पर जरूर आउट हुए हैं।
दिग्गज सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा भी जीरो पर आउट हुए हैं। मगर एक ऐसा भी भारतीय क्रिकेटर है, अपने पूरे क्रिकेट करियर में कभी भी जीरो पर आउट नहीं हुआ है।
बृजेश ने एक सेंचुरी और 5 फिफ्टी लगाईं
यह भारतीय क्रिकेटर बृजेश पटेल हैं। उन्होंने जून 1974 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। जबकि आखिरी मैच जून 1979 को खेला। 5 साल के करियर में बृजेश ने कुल 21 टेस्ट और 10 वनडे खेले हैं। इस दौरान वे टेस्ट क्रिकेट में कभी भी जीरो पर आउट नहीं हुए हैं।
टेस्ट में कभी भी डक हासिल नहीं करने वाले रिकॉर्ड लिस्ट में 28 खिलाड़ी हैं। इसमें 10 या उससे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले प्लेयर्स ही शामिल हैं। इस लिस्ट में इंग्लैंड के जिम बुर्के टॉप पर हैं। उन्होंने 24 टेस्ट खेले, लेकिन कभी जीरो पर आउट नहीं हुए। इस दौरान उन्होंने 44 पारियों में 1280 रन बनाए। 3 शतक और 5 फिफ्टी भी लगाईं।
बृजेश पटेल इस लिस्ट में अकेले भारतीय हैं। वे चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 21 टेस्ट की 38 पारियों में 978 रन बनाए। एक सेंचुरी और 5 फिफ्टी भी लगाईं। पाकिस्तान के 2 खिलाड़ी वकार हसन और समी असलम भी इस लिस्ट में हैं। वकार ने 21 और असलम ने 13 टेस्ट खेले हैं। इस दौरान वे कभी जीरो पर आउट नहीं हुए।
कोहली 38 पर डक पर आउट हुए
यदि इंटरनेशनल क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने के रिकॉर्ड की बात करें, तो इस मामले में श्रीलंका के पूर्व प्लेयर मुथैया मुरलीधरन टॉप पर हैं। वे 495 मैचों में सबसे ज्यादा 59 बार डक पर आउट हुए। हालांकि मुरलीधरन एक स्पिनर थे।
इस लिस्ट के टॉप-10 में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान शामिल हैं। वे 10वें नंबर पर हैं। जहीर 44 बार डक पर आउट हुए हैं। उनके बाद भारतीयों की लिस्ट में ईशांत शर्मा (40), विराट कोहली (38), हरभजन सिंह (37) और अनिल कुंबले (35) भी शामिल हैं।
क्रिकेट डायरी का यह आर्टिकल आपको कैसा लगा? आप अपनी राय हमारे सोशल मीडिया हैंडल्स पर दे सकते हैं। फिलहाल के लिए इतना ही। ऐसी ही किसी दिलचस्प स्टोरी के साथ फिर आपसे मिलते हैं। पढ़ते रहिए राज एक्सप्रेस का यह डिजिटल वर्जन।

