नीरज चोपड़ा ने बताई अपनी कमी: कहा- भाला फेंकते समय बाईं तरफ झुक जाता हूं, इसलिए 90 मीटर थ्रो में निरंतरता नहीं आ रही
Published:
3 min read

नीरज चोपड़ा (सोर्स : ANI)
स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी तकनीक की एक बड़ी कमी के बारे में बताया। उन्होंने माना कि वह भाला फेंकते समय बाईं ओर ज्यादा झुक जाते हैं, जिससे उनके 90 मीटर के थ्रो में निरंतरता नहीं आ पाती।
नीरज ने इस साल पहली बार 90 मीटर की दूरी पार की है, लेकिन वे इसे लगातार दोहराने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। अब उनका फोकस वर्ल्ड चैम्पियनशिप पर है, जो सितंबर में टोक्यो में होने वाली है। इसके लिए नीरज चेक रिपब्लिक में 57 दिन की कड़ी ट्रेनिंग करने जा रहे हैं।
तकनीक में सुधार की जरूरत
नीरज चोपड़ा ने माना कि उनके थ्रो में एक खास तकनीकी कमी है। उन्होंने कहा, ‘मैंने यह पहचान लिया है कि मैं भाला फेंकते समय लेफ्ट तरफ ज्यादा झुक जाता हूं। ट्रेनिंग में तो ऐसा नहीं होता, लेकिन कॉम्पिटिशन में जब मैं अतिरिक्त प्रयास करता हूं, तो यह गलती हो जाती है।’
90 मीटर पार करने की चुनौती
नीरज इस साल पहली बार 90 मीटर की दूरी पार करने में सफल हुए हैं, लेकिन वे चाहते हैं कि यह दूरी वे बार-बार पार कर सकें। उन्होंने कहा कि मैं लगातार 88-89 मीटर तक पहुंच रहा हूं। मेरे कोच इस बात से खुश हैं, लेकिन मुझे इसमें और कॉन्टिनुइटी लानी है।
अगला लक्ष्य वर्ल्ड चैम्पियनशिप
अब नीरज चोपड़ा की नजर वर्ल्ड चैम्पियनशिप पर है, जो सितंबर में टोक्यो में आयोजित की जाएगी। इसके लिए वह चेक रिपब्लिक के प्राग और निंर्बक शहरों में 57 दिन तक ट्रेनिंग करेंगे। नीरज ने कहा कि मेरा अगला टारगेट वर्ल्ड चैम्पियनशिप है। मैं वहां जीतना चाहता हूं।
एनसी क्लासिक में जीता गोल्ड
हाल ही में बेंगलुरू में हुए एनसी क्लासिक में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने सबसे अच्छा थ्रो 86.16 मीटर का किया। उनकी बाकी कोशिशें 82.99 मीटर, 84.07 मीटर और 82.22 मीटर की थीं। शुरुआत और चौथे थ्रो में उन्होंने फाउल किया था। इस प्रतियोगिता में केन्या के जूलियस येगो ने 84.51 मीटर के साथ सिल्वर और श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 84.34 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
दर्शकों का भरपूर समर्थन
एनसी क्लासिक में नीरज को 14,593 दर्शकों का जबरदस्त सपोर्ट मिला। भीड़ में मौजूद लोगों ने हर थ्रो पर उनका उत्साह बढ़ाया। भले ही नीरज का प्रदर्शन 90 मीटर से कम रहा, लेकिन उनका आत्मविश्वास और फोकस आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स पर है। उन्होंने साफ कहा है कि वह लगातार मेहनत कर रहे हैं और अपनी कमजोरियों को दूर कर जल्द ही और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

