इंदौर में MPL का रोमांच: उज्जैन फाल्कंस की जीत से शुरुआत, 92 रनों से ग्वालियर चीताज को दी शिकस्त
Published:
2 min read

एमपीएल का रोमांच।
इंदौर। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार से इंदौर में हो गया। पहली बार क्रिकेट प्रेमियों के शहर इंदौर को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। उद्घाटन मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर चीताज को 92 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।
उज्जैन फाल्कन्स ने स्कोर बोर्ड पर लगाए 220 रन
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उज्जैन फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और ग्वालियर के गेंदबाजों पर जमकर रन बटोरे।
ग्वालियर चीताज की निराशाजनक शुरुआत
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीताज की शुरुआत निराशाजनक रही। टीम ने शुरुआती दो ओवर में ही पहला विकेट गंवा दिया और 67 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन विकेट खो दिए। लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और पूरी पारी लड़खड़ा गई।
92 रनों पर सिमटी रजत पाटीदार की टीम
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली ग्वालियर चीताज लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और उसे 92 रन से हार का सामना करना पड़ा। उज्जैन फाल्कंस ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।
5 जून से प्रतिदिन खेले जाएंगे दो से तीन मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले ही मैच में स्टेडियम में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार 5 जून से प्रतिदिन दो से तीन मुकाबले खेले जाएंगे। एमपीएल अब मध्य प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच बन चुका है, जहां से कई प्रतिभाएं आगे बढ़कर आईपीएल और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी हैं।
क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह, रोमांचक होंगे मुकाबले
क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि इंदौर में आयोजित इस सीजन के मुकाबले रोमांचक होंगे और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

