सांसद खेल महोत्सव 2025 पर सवाल: बड़ी राशि के दावे पर मिला 500 का लिफाफा, नाराज खिलाड़ियों ने वीडियो बनाकर किया वायरल
Published:
2 min read

MP-CG डेस्क, जबलपुर में सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन जिला स्तर पर 23 से 25 दिसंबर तक किया गया। इससे पहले बीते दो महीनों में विकासखंड स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी थीं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 दिसंबर को रानीताल खेल परिसर में मध्य प्रदेश के खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य में हुआ। जबकि समापन कार्यक्रम 25 दिसंबर को आयोजित किया गया।
खिलाड़ियों ने किया उत्साहपूर्वक प्रदर्शन
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, खो-खो, रस्सा-कशी, हॉकी, बास्केटबॉल, वुशु और योगा प्रदर्शन जैसी अनेक खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में युवाओं और खिलाड़ियों ने इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।
टीम ने लगाए गंभीर आरोप
महोत्सव के समापन के बाद अब यह आयोजन विवादों में घिरता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रतियोगिताओं में शामिल खिलाड़ियों की एक टीम ने गंभीर आरोप लगाए हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें जीत के बाद बड़ी पुरस्कार राशि देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन हकीकत में उन्हें केवल 1000, 500, 300 रुपये का लिफाफा थमा दिया गया।
खिलाड़ियों ने वीडियो में दिखाई नाराजगी
इतना ही नहीं, खिलाड़ियों का आरोप है कि उन्हें जो प्रमाण-पत्र दिए गए, वे फटे हुए और अपमानजनक स्थिति में थे, जिससे उनका मनोबल टूट गया। जब खिलाड़ियों ने इसका शिकायत करते हुए विरोध किया तो उन्हें धमकी दी गई उनका भविष्य खराब कर देंगे। नाराज खिलाड़ियों ने अपनी पीड़ा को वीडियो के माध्यम से सामने रखा, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
खिलाड़ियों का यह भी आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर सांसद आशीष दुबे से मिलने पहुंचे, तो उन्होंने उनकी बात सुने बिना ही वहां से प्रस्थान कर दिया। मामले के सामने आने के बाद खेल प्रेमियों और आम नागरिकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

