शमी ने बेटी को बर्थडे विश किया: पोस्ट में लिखा- यकीन नहीं हो रहा कि तुम इतनी जल्दी बड़ी हो रही हो; 2018 से अलग रह रहे शमी और हसीन जहां
Published: Updated:
3 min read

पत्नी हसीन जहां और बेटी आयरा को हर महीने 4 लाख रुपये देंगे मोहम्मद शमी। आयरा अभी मां के साथ कोलकाता में रहती हैं।
भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की बेटी आयरा का आज (17 जुलाई) बर्थडे है। आयरा 10 साल की हो गई हैं। इस मौके पर उनके पिता शमी ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर की। शमी ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि बेटी इतनी जल्दी बड़ी हो रही है। शमी और पत्नी हसीन जहां दोनों ही 2018 से अलग रह रहे हैं। उनके बीच कोर्ट में केस चल रहा है।
शमी ने पोस्ट में लिखा, ‘प्यारी बेटी, मुझे आज भी वे रातें याद हैं जो हमने बातें करते, हंसते और जागते हुए बिताई थीं। खासतौर पर तुम्हारा डांस। यकीन नहीं हो रहा कि तुम इतनी जल्दी बड़ी हो रही हो। मैं जिंदगी में तुम्हारे लिए बस अच्छी चीजें ही चाहता हूं। ईश्वर तुम्हें आज और हमेशा प्यार, शांति, खुशी और अच्छी सेहत दे। हैप्पी बर्थडे।’
शादी के 4 साल बाद ही अलग हुए शमी-हसीन
शमी और हसीन जहां का निकाह 7 अप्रैल 2014 को हुआ था। करीब 1 साल बाद, 17 जुलाई 2015 को उनकी बेटी आयरा का जन्म हुआ। इसके बाद शमी को पता चला कि हसीन पहले से ही शादीशुदा है और उनकी दो बेटियां थीं।
2018 में हसीन ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया। जिसके बाद उन पर FIR दर्ज की गई। इस मामले का फैसला पहले ही आ चुका है, लेकिन शमी की पत्नी को मिलने वाले रुपए कम लगे। इसलिए उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
पत्नी और बेटी को हर महीने देने होंगे 4 लाख रुपये
हसीन ने शमी के खिलाफ घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम (PWDV) के तहत आवेदन दायर किया था। जिसमें उन्होंने हर महीने 10 लाख रुपए मांगे थे। उन्होंने 7 लाख रुपए अपने लिए और 3 लाख रुपए बेटी के लिए मांगे थे।
हाल ही में हाई कोर्ट ने माना कि निचली अदालत ने जो मेंटेनेंस राशि तय की थी, वह शमी की कमाई के हिसाब से बहुत कम थी। कोर्ट ने पत्नी और बेटी को हर महीने 4 लाख रुपए देने का आदेश दिया है। बेटी आयरा अपनी मां के साथ कोलकाता में ही रहती हैं।
चोट के कारण टीम से बाहर हैं शमी
दूसरी ओर शमी क्रिकेट में व्यस्त रहते हैं। वे आखिरी बार IPL में खेलते नजर आए थे। अभी भारतीय टेस्ट टीम इंग्लैंड दौरे पर है। शमी को चोट के कारण नहीं चुना गया। वे खराब फॉर्म से भी जूझ रहे हैं।
चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान उनकी टीम में वापसी हुई थी, लेकिन उस दौरान वो पूरी तरह से फिट दिखाई नहीं दे रहे थे। IPL के दौरान भी शमी उतनी तेजी से गेंदबाजी नहीं कर पा रहे थे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।

