एशिया कप खेलेगी भारतीय टीम: पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर केंद्र ने कहा- इंटरनेशनल टूर्नामेंट में साथ खेलने पर समस्या नहीं
Published: Updated:
3 min read

2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था। (AFP)
क्रिकेट और हॉकी के एशिया कप इसी साल सितंबर में खेले जाने हैं। इसी को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय टीम इन टूर्नामेंट्स में खेल सकती है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर भी खेल मंत्री ने बयान दिया।
उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल लेवल पर पाकिस्तान से मैच खेलने पर कोई रोक नहीं है। इस तरह मांडविया ने संकेत दिए हैं कि एशिया कप में भारतीय टीम पाकिस्तान से मैच खेल सकती है।
'द्विपक्षीय सीरीज पर सरकार की स्थिति सभी को पता है'
मांडविया ने कहा, ‘हमारा रुख साफ है। हमें किसी भी खेल के इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तान के साथ खेलने में कोई आपत्ति नहीं है, चाहे वह क्रिकेट हो, हॉकी हो या कोई और खेल।’
द्विपक्षीय सीरीज को लेकर खेल मंत्री ने कहा, ‘जब बात द्विपक्षीय सीरीज की आती है, तो सरकार की स्थिति सभी को पता है। पाकिस्तान हॉकी संघ (PHF) ने भारत में होने वाले दो टूर्नामेंट खेलने के लिए अपनी सरकार से मंजूरी मांगी है, लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं है कि उन्हें इजाजत मिली या नहीं। हमारी तरफ से कोई समस्या नहीं है। दोनों ही इंटरनेशनल टूर्नामेंट हैं। इसमें सभी टीमों के साथ समान व्यवहार होगा।’
दरअसल, हॉकी एशिया कप और क्रिकेट एशिया कप दोनों ही भारत में होने हैं। हॉकी टूर्नामेंट 27 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में होगा, जबकि जूनियर वर्ल्ड कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
दूसरी ओर क्रिकेट वर्ल्ड कप UAE शिफ्ट किया जा सकता है। इसका कारण भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ही है। वह अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा। हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से शेड्यूल को लेकर कोई बयान नहीं आया है।
इस बार टी20 फॉर्मेट में होगा एशिया कप
रिपोर्ट्स की मानें तो एशिया कप 2025 का आगाज 5 सितंबर को हो सकता है। जबकि फाइनल 21 सितंबर को खेला जाना है। इस तरह टूर्नामेंट सिर्फ 17 दिन तक चलेगा। इसमें 6 टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और UAE हिस्सा लेंगी। इन सभी को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद टॉप-4 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सुपर-4 मुकाबले होंगे। फिर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
इस तरह सुपर-4 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। यानी क्रिकेट फैन्स को भारत-पाकिस्तान के बीच मैच का डबल डोज देखने को मिल सकता है। यदि दोनों फाइनल में पहुंचे तो ट्रिपल डोज भी मिल सकता है। अगले साल टी20 वर्ल्ड कप होना है। ऐसे में यह एशिया कप सीजन भी टी20 फॉर्मेट में ही खेला जाएगा।
भारत ने सबसे ज्यादा बार जीता खिताब
1984 में एशिया कप का पहला सीजन वनडे फॉर्मेट में UAE की मेजबानी में खेला गया था। तब टूर्नामेंट में सिर्फ तीन ही टीमें भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका थीं। दूसरे सीजन से बांग्लादेश को भी शामिल किया गया था। पहले सीजन में भारतीय टीम चैम्पियन बनी थी। अब तक टूर्नामेंट में भारत का ही दबदबा रहा है।
एशिया कप में अब तक 16 सीजन के विनर
|
टीम |
खिताब जीते |
कब-कब |
|
भारत |
8 बार |
1984, 1989, 1990–91, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023 |
|
श्रीलंका |
6 बार |
1986, 1997, 2004, 2008, 2014, 2022 |
|
पाकिस्तान |
2 बार |
2000, 2012 |

