BCCI का फैमिली रूल: कोहली को पसंद नहीं था, अब कोच गंभीर ने किया सपोर्ट; बोले- छुट्टी मनाने नहीं जाते हैं
Published: Updated:
3 min read

विराट कोहली और गौतम गंभीर। (PTI)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के जिस फैमिली रूल को विराट कोहली ने नापसंद किया था, अब उसी को कोच गौतम गंभीर ने सपोर्ट किया है। BCCI ने विदेशी दौरे पर खिलाड़ियों के लिए फैमिली साथ ले जाने को लेकर एक सख्त नियम बनाया था। यह रूल पिछले साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज हारने के बाद बना था। तब कोहली ने इस नियम को लेकर बयान दिया था और कहा था कि उन्हें यह पसंद नहीं है।
मगर कुछ महीनों बाद अब गंभीर ने इस नियम को लेकर बयान दिया है। उन्होंने इस रूल को सपोर्ट करते हुए कहा कि खिलाड़ी विदेशी दौरे पर देश का गौरव बढ़ाने जाते हैं न कि छुट्टी मनाने।
45 दिन के दौरे पर 14 दिन साथ रहेगा परिवार
दरअसल, खिलाड़ियों के साथ विदेशी दौरे पर फैमिली साथ ले जाने को लेकर नियम पहले से बने हुए थे। मगर हाल ही में BCCI ने इसे थोड़ा सख्त कर दिया था। नए रूल के मुताबिक, यदि विदेशी दौरा 45 या उससे ज्यादा दिन का है, तो खिलाड़ियों के साथ फैमिली मेम्बर 14 दिन तक ही साथ रह सकेंगे।
यदि दौरा 45 दिन से कम का हुआ तो ज्यादा से ज्यादा 7 दिन तक परिवार साथ रह सकेगा। तब इस नियम के खिलाफ कोहली ने दमदारी से बयान दिया था। उन्हें यह रूल पसंद नहीं आया था। कोहली ने कहा था कि वे अपने कमरे में जाकर बगैर परिवार के उदास नहीं बैठना चाहते हैं।
‘मेरे लिए लक्ष्य से बड़ा और जरूरी कुछ नहीं’
मगर अब गंभीर ने इसी नियम का सपोर्ट किया है। उन्होंने भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 10 जुलाई से खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान ही यह बयान दिया है। चेतेश्वर पुजारा के साथ एक स्पेशल इंटरव्यू में गंभीर ने कहा, ‘परिवार बेहद जरूरी है, लेकिन आपको एक बात समझनी होगी। आप यहां (विदेशी दौरे पर) किसी मकसद के साथ आए हैं। यह कोई हॉलीडे नहीं है। बहुत कम लोगों को ड्रेसिंग रूम में या किसी दौरे पर जाकर देश को गौरवान्वित करने का मौका मिलता है। मैं परिवार को साथ रखने के खिलाफ नहीं हूं।’
‘परिवार जरूरी है, लेकिन आप का फोकस यदि देश का नाम रोशन करने पर है और आपका रोल काफी बढ़ा है, आप लक्ष्य पाने के लिए कमिटेड हैं तो मुझे लगता है सब कुछ ठीक ही है। मगर मेरे लिए लक्ष्य से बड़ा और जरूरी कुछ नहीं होता है।’
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। लीड्स में खेला गया पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था। जबकि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने दूसरा टेस्ट जीत लिया। इस तरह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है।

