लॉर्ड्स टेस्ट की हार पर सौरव गांगुली का रिएक्शन: बोले- टॉप ऑर्डर बैटर थोड़ा भी जज्बा दिखाते तो मैच हमारा होता, जडेजा अकेले ही लड़ते दिखे
Published:
2 min read

सौरव गांगुली ने टीम इंडिया के लिए 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले हैं। वे BCCI के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। (BCCI)
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच की हार के बाद सौरभ गांगुली का एक बयान सामने आया है। उन्होंने भारतीय बैटिंग में टॉप ऑर्डर को जिम्मेदार ठहराया है। गांगुली ने कहा कि रवींद्र जडेजा दूसरी पारी में अकेले ही लड़ते दिखे। अगर टॉप ऑर्डर थोड़ा भी जज्बा दिखाता, तो यह मैच भारत जीत सकता था।
लॉर्ड्स टेस्ट में भारतीय टीम 193 रन का छोटा टारगेट हासिल नहीं कर सकी थी। पूरी टीम 170 रन पर ऑलआउट हुई। रवींद्र जडेजा ने नाबाद 61 और केएल राहुल ने 39 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी खिलाड़ी 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। इसके कारण टीम को 22 रन से हार मिली।
खिलाड़ी खुद भी इस हार से निराश होंगे
पूर्व कप्तान ने कहा कि इतने बड़े-बड़े नामों वाली बल्लेबाजी लाइनअप से इतनी कमजोर बल्लेबाजी की उम्मीद नहीं थी। जब आप जडेजा को लड़ते हुए देखते हैं, तो लगता है कि अगर बाकी बल्लेबाज भी थोड़ा दम दिखाते तो हम यह मैच जीत सकते थे। उन्होंने कहा, ‘इस टीम में क्वालिटी है और यकीन मानिए खिलाड़ी खुद भी इस हार से बेहद निराश होंगे।’
गांगुली ने कहा कि जडेजा ने बेहतरीन बैटिंग की। वो न सिर्फ बल्ले से, बल्कि गेंद और फील्डिंग से भी टीम को बैलेंस देते हैं। 80 टेस्ट और 200 से ज्यादा वनडे खेलने वाले जड्डू जैसे ऑलराउंडर बहुत कम होते हैं।
End of a thrilling Test match at Lord’s.#TeamIndia fought hard but it’s England who win the 3rd Test by 22 runs.
— BCCI (@BCCI) July 14, 2025
Scorecard ▶️ https://t.co/X4xIDiSUqO#ENGvIND pic.twitter.com/KkLlUXPja7
ऑलराउंडर सुंदर और रेड्डी भी फ्लॉप रहे
गांगुली ने ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश रेड्डी के कमजोर प्रदर्शन पर भी चिंता जताई। दूसरी पारी में सुंदर खाता नहीं खोल सके थे। जबकि रेड्डी ने 13 रन बनाए। लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ऋषभ पंत, राहुल और सुंदर टीम को जिता नहीं सके।
इसके बाद जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने 130 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। बुमराह के आउट होते ही मुकाबला और मुश्किल हो गया। अब भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होगा।

