भारत vs इंग्लैंड लॉर्ड्स टेस्ट: सिराज ने कुंबले को याद दिलाया 1993 का भारत-पाकिस्तान मैच, तब श्रीनाथ का विकेट गिरते ही हारी थी टीम
Published:
3 min read

शोएब बशीर की बॉल पर मोहम्मद सिराज बोल्ड हुए। यह भारतीय टीम का 10वां विकेट था। इसके साथ ही टीम यह लॉर्ड्स टेस्ट हार गई। (BCCI)
लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भारत को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दमदार लड़ाई लड़ी। रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने हार नहीं मानी, लेकिन आखिरी विकेट गिरते ही सब खत्म हो गया।
इस मुकाबले ने सभी को 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ चेन्नई टेस्ट की याद दिला दी, जब टीम इंडिया को 12 रन से हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त अंतिम विकेट जवागल श्रीनाथ का गिरा था और इस बार सिराज का।
जडेजा ने जगाई रखी जीत की उम्मीद
रवींद्र जडेजा ने अंतिम दिन 61 रन की नाबाद पारी खेली। जब भारत का स्कोर सिर्फ 112/8 था, तब उन्होंने मोर्चा संभाला। जडेजा ने गेंदबाजों का डटकर सामना किया और मैच को रोमांचक मोड़ तक ले गए। हालांकि, जीत के बहुत करीब पहुंचने के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा।
आखिरी विकेट के तौर पर बोल्ड हुए मोहम्मद सिराज।
मोहम्मद सिराज क्रीज पर थे। भारत को जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। सिराज ने अच्छे से गेंदे खेली, लेकिन शुएब बशीर की एक गेंद ने स्टंप को छू लिया और बेल गिर गई। सिराज मैदान पर ही टूट गए और इंग्लैंड के खिलाड़ी भी उन्हें सांत्वना देने पहुंचे। ये वही पल था जब जवागल श्रीनाथ की 1999 वाली पारी याद आई।
कुंबले को आई चेन्नई टेस्ट की याद
अनिल कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर चर्चा के दौरान कहा कि मुझे एक टेस्ट मैच की याद आ गई। जहां हम पाकिस्तान के खिलाफ चेन्नई में 12 रन से हार गए थे। उस समय भी ऐसी ही चर्चा हो रही थी। वहां जवागल श्रीनाथ थे और यहां मोहम्मद सिराज हैं।
कुंबले ने कहा, ‘इंग्लैंड की टीम ने अंतिम दिन जबरदस्त गेंदबाजी की। बेन स्टोक्स की कप्तानी में टीम ने दबाव बनाए रखा। स्टोक्स ने फील्डिंग में भी बदलाव किए जिससे भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी हुई। खासकर, जब बुमराह ने पुल शॉट खेला और आउट हो गए, तो भारत की उम्मीदें और कम हो गईं।’
लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन की शुरुआत भारत के लिए बेहद खराब रही। ऋषभ पंत, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर और क्रिस वोक्स जल्दी-जल्दी आउट हो गए। इसके बाद रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने 130 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। बुमराह के आउट होते ही मुकाबला और मुश्किल हो गया। अब भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होगा।

