चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड के स्क्वॉड में बदलाव: चोटिल बशीर की जगह स्पिनर डॉसन शामिल, 8 साल पहले खेला था आखिरी टेस्ट; 2 पेसर भी टीम से बाहर
Published: Updated:
2 min read

स्पिनर लियाम डॉसन ने इंग्लैंड के लिए आखिरी टेस्ट जुलाई 2017 में खेला था। (ECB)
भारतीय टीम के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने अपना 14 सदस्यीय स्क्वॉड घोषित कर दिया है। इसमें एक बड़ा बदलाव हुआ है। स्पिनर शोएब बशीर चोट के कारण सीरीज से बाहर हुए हैं। उनकी जगह स्पिनर लियाम डॉसन को जगह मिली है। 35 साल के इस स्पिनर ने आखिरी टेस्ट 8 साल पहले जुलाई 2017 में खेला था।
इसके अलावा दो तेज गेंदबाज सैम कुक और जैमी ओवर्टन को भी टीम से बाहर कर दिया गया। इन दोनों को अब तक सीरीज में मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
इंग्लैंड ने अब तक तीनों टेस्ट में बतौर तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स और जोश टंग को ही आजमाया है। शुरुआती 2 टेस्ट में जोश टंग प्लेइंग-11 में खेले थे। तीसरे टेस्ट में आर्चर की वापसी के लिए उन्हें बाहर किया था। माना जा रहा है कि हैमस्ट्रिंग की चोट से ठीक होकर लौटे गस एटकिंसन को चौथे टेस्ट में खिलाया जा सकता है।
Welcome, Daws! 👋
— England Cricket (@englandcricket) July 15, 2025
Spinner Liam Dawson joins our squad for the Fourth Test match against India 🏏
Full story 👇
इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। इसका चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जैकब बैथेल,जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, जोश टंग, गस एटकिंसन और लियाम डॉसन।

