इंडिया vs इंग्लैंड लॉर्ड्स टेस्ट: फैन्स नाराज, कहा- 20 हजार रुपए का टिकट लेने के बावजूद पूरा मैच नहीं देख पाए; बिना बारिश के भी कई बार क्यों रुका खेल
Published:
2 min read

ऋषभ पंत और केएल राहुल। (BCCI)
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन खेल को कई बार अलग अलग वजहों से रोका गया, जिसकी वजह से फैन्स नाराज हो गए। उनका कहना है कि उन्होंने टिकट के लिए 160 पाउंड (लगभग 18,500 रुपये) तक खर्च किए इसके बावजूद पूरे दिन का खेल नहीं देख पाए।
दूसरे दिन सिर्फ 73 ओवर का खेल हुआ। इसी तरह पहले दिन भी 90 ओवर का खेल पूरा नहीं हो पाया था। जबकि दोनों ही दिन बारिश भी नहीं थी। फैन्स का गुस्सा सोशल मीडिया पर साफ नजर आया, जहां उन्होंने स्लो ओवर रेट को लेकर नाराजगी जाहिर की।
दूसरे दिन सिर्फ 75 ओवर, फैन्स नाराज
मैच के दूसरे दिन सिर्फ 75 ओवर फेंके गए, जबकि टेस्ट क्रिकेट में एक दिन में कम से कम 90 ओवर फेंके जाने चाहिए। फैन्स को लगा कि इतने पैसे खर्च करके भी उन्हें मैच का अधूरा मजा मिला। उन्हें उम्मीद थी कि बिना बारिश के दिन में 90 ओवर जरूर देखने को मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पहले दिन लेडीबग ने रोका खेल
पहले दिन भारतीय टीम ने सिर्फ 83 ओवर फेंके थे। हालांकि उस दिन लेडीबग (एक तरह के छोटे कीड़े) की वजह से खेल को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा था। दर्शकों का कहना है कि इतने छोटे ब्रेक पर 7 ओवर कम होना निराशाजनक है।
दूसरे दिन भी ओवर कम
दूसरे दिन ज्यादा कोई रुकावट नहीं थी। सिर्फ सुबह एक बार गेंद बदली गई और आखिरी सेशन में ऋषभ पंत का मेडिकल टाइम आउट हुआ। इन दो वजहों को छोड़ दें तो खेल में कोई खास रुकावट नहीं थी। फिर भी 17 ओवर कम फेंके गए, जिससे दर्शकों की नाराजगी बढ़ गई।
सोशल मीडिया पर फैन्स ने दिया रिएक्शन
मैच देखने आए फैन्स ने X और इंस्टाग्राम पर अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ ने लिखा कि 160 पाउंड खर्च करके अधूरा मैच देखना किसी धोखे से कम नहीं। उन्होंने कहा कि अगर ओवर पूरे नहीं फेंके जाएंगे तो टिकट प्राइस कम होनी चाहिए।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पहली पारी में 387 रन बनाए। जो रूट ने शतक लगाया। ब्राडयन कार्स और जेमी स्मिथ ने फिफ्टी लगाई। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट लिए।

