इंडिया Vs इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट-956: असिस्टेंट कोच ने कहा- सब ठीक रहा तो ऋषभ पंत जरूर खेलेंगे, विकेटकीपिंग फिट होने पर ही करेंगे
Published:
3 min read

ऋषभ पंत ने लीड्स टेस्ट की दोनों पारी में शतक जड़े थे। (सोर्स: सोशल मीडिया)
लॉर्ड्स टेस्ट में चोटिल होने के बावजूद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अगले टेस्ट में खेलते आएंगे। हालांकि वह विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं, इस बात पर सस्पेंस बरकरार है। यह बात टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने कही है।
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले ही दिन ऋषभ पंत की उंगली में चोट लग गई थी। इसके बाद वह विकेट के पीछे दिखाई नहीं दिए। उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने पूरे वक्त कीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि पंत बल्लेबाजी करने जरूर उतरे। दर्द में भी उन्होंने जोरदार बल्लेबाजी की और पहली पारी में 74 रन बनाए। इस पूरी पारी में उनका जज्बा तो दिखा, लेकिन चोट की गंभीरता भी साफ नजर आती रही।
‘टीम रिस्क नहीं लेना चाहती’
टेन डोशेट ने बताया, पंत मैनचेस्टर टेस्ट से पहले बल्लेबाजी का अभ्यास करेंगे, सब कुछ ठीक रहा तो वह इस मुकाबले में जरूर खेलेंगे। लेकिन कीपिंग तभी करेंगे जब उनकी उंगली पूरी तरह ठीक हो जाएगी। टीम नहीं चाहती कि दोबारा वैसी स्थिति बने जैसी लॉर्ड्स में बनी थी, जहां कीपिंग बदलनी पड़ी थी।
कोच ने कहा है कि हम चाहते हैं कि वह पूरा मैच खेलें। कीपिंग और बैटिंग दोनों करें। लेकिन आधा मैच खेलने से नुकसान हो सकता है।
पंत की रिकवरी पूरी
पंत की रिकवरी लगभग पूरी हो चुकी है। लेकिन चोट के एकदम बाद विकेटकीपिंग करना उनके लिए सबसे बड़ी परीक्षा होगी। पंत को फिलहाल पूरी तरह आराम दिया गया है ताकि उनकी उंगली को रिकवरी का ज्यादा से ज्यादा समय मिल सके। गुरुवार (17 जुलाई) को उन्होंने नेट्स में प्रैक्टिस नहीं की। टीम मैनजमेंट चाहता है कि मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होने वाले मुकाबले से पहले उन्हें पर्याप्त आराम मिल सके।
भारत-इंग्लैंड के बीच खेली जा रही सीरीज के शुरुआती 3 टेस्ट मैच की 6 पारी में पंत ने दो सेंचुरी और दो फिफ्टी लगाई हैं। वह 70.83 की औसत सें 425 रन बना चुके है। वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।
टीम इंडिया को है पंत से बड़ी उम्मीद
सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के लिए ऋषभ पंत बहुत जरूरी है। वह न सिर्फ बल्लेबाजी से गेम बदल सकते हैं, बल्कि विकेट के पीछे भी उनका अनुभव टीम को संतुलन देता है। अगर वो पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो भारत अगला मुकाबला जीतकर सीरीज को बराबरी पर ला सकता है।

