लॉर्ड्स हारे लेकिन जडेजा ने दिखाया जुनून: 7 हजार रन और 600 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने, इंटरनेशनल क्रिकेट में 4 खिलाड़ी ही कर पाए ऐसा
Published: Updated:
3 min read

भारतीय स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में फिफ्टी लगाई।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए लॉर्ड्स टेस्ट में भले ही टीम इंडिया को हार मिली हो, लेकिन रवींद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 61 रन की पारी खेलते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में 7 हजार रन पूरे कर लिए। इससे पहले वह 600 विकेट का आंकड़ा भी पार कर चुके हैं। ऐसे में अब वह भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव की कैटेगरी में शामिल हो चुके हैं।
दरअसल, भारतीय ऑलराउंडर्स में कपिल देव के नाम ही 7 हजार रन बनाने और 600 विकेट लेने का रिकॉर्ड था। मगर अब जडेजा भी इस लिस्ट में शामिल होने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं।
हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट में दो और ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जो इस लिस्ट में शामिल हैं। ये दोनों खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के शॉन पोलाक और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं।
लॉर्ड्स में जडेजा की शानदार बल्लेबाजी
लॉर्ड्स टेस्ट में 193 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 82 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। तब जडेजा एक मोर्चे पर डटे रहे और नाबाद 61 रन बनाए। वे निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को जीत के मुहाने तक ले गए। हालांकि बदकिस्मती से टीम 22 रन हार गई।
जडेजा का जबरदस्त फॉर्म
इंग्लैंड दौरे पर जडेजा शानदार फॉर्म में हैं। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में भी 72 रन बनाए थे। जबकि सीरीज के दूसरे टेस्ट में 89 रन बनाए थे। वे 11 रन से शतक से दूर रह गए थे।
इस सीरीज के शुरुआती 3 टेस्ट की 6 पारियों में वे 4 बार नाबाद रहे। इस दौरान 4 फिफ्टी लगाईं। उनका बल्लेबाजी औसत भी 109 रहा है। वह कुल 327 रन बनाकर इस सीरीज के टॉप-5 रन स्कोरर में शामिल हैं। हालांकि इंग्लैंड के फास्ट बॉलिंग ट्रैक पर वह गेंदबाजी में ज्यादा प्रभावित नहीं कर पाए। उन्हें इस सीरीज में 3 विकेट मिले हैं।
England win a thriller 🔥
— ICC (@ICC) July 14, 2025
Agony for India as they fall short by 22 runs.#WTC27 #ENGvIND 📝: https://t.co/0NCkPJdBEk pic.twitter.com/bD1MkrqvjZ
इंग्लैंड ने 2-1 की बढ़त हासिल की
लॉर्ड्स मैच में रोमांचक जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 5 टेस्ट की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। भारत के पास अब भी दो मैच बाकी हैं, जिनमें वापसी की पूरी संभावना है। टीम इंडिया को अब बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है ताकि सीरीज में वापसी की जा सके।
नए कीर्तिमान की ओर जडेजा
जडेजा जिस तरह से प्रदर्शन कर रहे हैं, उस हिसाब से वह अपने करियर के अंत तक 8000 रन और 700 विकेट का आंकड़ा भी पार कर सकते हैं। उनकी फिटनेस और रेगुलर परफॉर्मेंस ने उन्हें भारत का सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर बना दिया है। टेस्ट क्रिकेट में फिलहाल उनका कोई तोड़ नहीं है।
टेस्ट रिकॉर्ड
कुल मैच: 83
रन: 3697
औसत-36.97
बेस्ट-175
शतक-4
फिफ्टी-26
कुल विकेट-326
वनडे रिकॉर्ड
कुल मैच- 204
रन - 2806
औसत -32.62
बेस्ट- 87
फिफ्टी -13
कुल विकेट-231
T20I रिकॉर्ड
कुल मैच -74
रन -515
औसत-21.45
विकेट-54

