मदद मिल रही थी तो गेंद क्यों बदली: नासिर हुसैन बोले- गिल का दाव उल्टा पड़ा, ड्यूक बॉल जल्द खराब हो रही है
Published: Updated:
4 min read

नासिर हुसैन और शुभमन गिल। (PTI)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। मैच में दूसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 10 ओवर इस्तेमाल के बाद ही नई बॉल बदल दी थी। इसके बाद पूरा गेम बदल गया और इंग्लैंड टीम हावी हो गई। इस पर पूर्व इंग्लिश कप्तान नासिर हुसैन ने बयान दिया और गिल की आलोचना की।
नासिर ने कहा कि 10 ओवर में ही नईं गेंद को बदलना टीम इंडिया पर भारी पड़ गया। कप्तान गिल को यह जुआ (बॉल बदलने का) नहीं खेलना चाहिए था। बता दें कि यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
इस सीरीज में अब तक ड्यूक बॉल को लेकर काफी शिकायतें सामने आई हैं। भारतीय कप्तान गिल और इंग्लिश कैप्टन बेन स्टोक्स भी इसकी आलोचना कर चुके हैं। यह बॉल बहुत ही कम समय में खराब हो रही और अपना शेप बदल रही है।
10 ओवर में ही खराब हुई नई बॉल
दरअसल, लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक 83 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 251 रन बनाए थे। इस दिन नियमानुसार 80 ओवर के बाद भारतीय टीम को नई बॉल मिली थी। हालांकि नई बॉल से 3 ओवर में कोई विकेट नहीं मिला।
दूसरे दिन इंग्लैंड ने खेलना शुरू किया तो 3 ओवर पुरानी बॉल से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपने दो ओवर में ही 3 विकेट लिए। मगर 91वें ओवर में आकर कप्तान गिल और टीम को लगा कि इस नई बॉल का भी शेप खराब हो गया। इस बात की शिकायत अंपायर से की।
फील्ड अंपायर पॉल रीफेल और शरफुद्दौला सैकत ने गेंद को जांचने के लिए 'रिंग टेस्ट' किया, लेकिन गेंद उस रिंग से नहीं निकली। ऐसे में अंपायर ने यह बॉल भी बदल दी। मगर खास बात यह रही कि अंपायर ने बदले में जो बॉल दी, उससे भी भारतीय कप्तान और गेंदबाज खुश नहीं दिखे। क्योंकि उसका शेप भी खराब ही था उन्होंने अंपायर के सामने नाराजगी जाहिर भी की, मगर बॉल नहीं बदली गई।

भारतीय टीम ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 3 बार बॉल बदली। (सोशल मीडिया)
बॉल बदलते ही इंग्लिश बैटर हावी हो गए
बस यहीं से सारा गेम बदल गया। बॉल खराब होने के कारण इंग्लिश बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए। हालांकि 99वें ओवर में एक बार फिर बॉल बदली गई थी। मगर इसका फायदा भारतीय टीम को नहीं मिला। जबकि दूसरे दिन बॉल बदलने से पहले भारतीय गेंदबाज हावी नजर आ रहे थे।
बुमराह ने 3 विकेट लेकर इंग्लैंड का स्कोर 271 रन पर 7 विकेट कर दिया था। यहां से टीम इंडिया के पास इंग्लैंड को जल्दी ऑलआउट करने का मौका था। बॉल बदलने के बाद जैमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने 8वें विकेट के लिए 84 रन की पार्टनरशिप की। इस तरह इंग्लैंड ने पहली पारी में 387 रन बनाए।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर ने क्या कहा?
इस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, ‘ यह काफी सीरियस मुद्दा है कि ड्यूक बॉल बहुत जल्दी खराब हो रही है। दूसरी बात ये है कि मेरा मानना है कि बॉल कई बार बदली जाती है। हम बॉल को लेकर काफी संवेदनशील हो गए हैं। क्रिकेट में पहले भी बॉल पुरानी होकर नरम हो जाया करती थी। हम 80 ओवर तक फ्रेश बॉल रखने को आदी हो रहे हैं।’
नासिर ने कहा, ‘तीसरी बात ये है कि इस मैच (लॉर्ड्स टेस्ट) में दूसरे दिन के पहले घंटे में बुमराह को खेलना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच देखा कि उन्होंने (भारतीय टीम) बॉल बदल दी। जब आपको बॉल से मदद मिल रही है, तो उसे बदला क्यों? यह समझ नहीं आया। बॉल पुरानी और मुलायम लग रही थी, इसलिए यह बदलाव किया, क्यों? आपने जुआ क्यों खेला।’

