लॉर्ड्स में टेस्ट शतकों का रिकॉर्ड: कोई भी विदेशी टीम 50 सेंचुरी नहीं लगा सकी, एशियाई टीमों में भारत टॉप पर
Published: Updated:
2 min read

भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच इस समय 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसका तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मैदान पर टेस्ट शतकों के मामले में अब भी इंग्लैंड टीम टॉप पर है। मगर खास बात यह है कि कोई भी विदेशी टीम यहां 50 शतक नहीं लगा सकी है। सिर्फ मेजबान इंग्लिश टीम ही है, जिसने 100 से ज्यादा शतक लगाए हैं। हालांकि एशियाई टीमों में भारत टॉप पर है।
लॉर्ड्स में अब तक (13 जुलाई) इंग्लैंड की ओर से कुल 141 शतक लगे हैं। अपने होम ग्राउंड में इंग्लिश टीम ने 146 टेस्ट खेले हैं। जबकि दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम है, जिसने यहां 41 टेस्ट खेले और कुल 34 शतक लगाए हैं।
केएल राहुल ने लगाया 13वां शतक
इस मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाली टीमों की लिस्ट में भारत छठे नंबर पर है। हालांकि एशियाई टीमों में इंडिया टॉप पर है। लॉर्ड्स में भारतीय टीम ने 13 शतक लगाए हैं। मौजूदा टेस्ट में यह 13वीं सेंचुरी केएल राहुल के बल्ले से निकली है। उसने पहली पारी में 100 रन बनाए।
टीम इंडिया के बाद श्रीलंका (9), पाकिस्तान (7) और बांग्लादेश (1) का ही नंबर आता है। टेस्ट दर्जा प्राप्त आयरलैंड और जिम्बाब्वे की ओर से कोई भी बल्लेबाज लॉर्ड्स में शतक नहीं लगा सका है।
वेंगसरकर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विदेशी प्लेयर
बतौर प्लेयर लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक का रिकॉर्ड जो रूट के नाम है। उन्होंने इस मैदान पर 8 सेंचुरी लगाई हैं। जबकि यहां विदेशी प्लेयर में यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय दिग्गज दिलीप वेंगसरकर के नाम है। उन्होंने सबसे ज्यादा 3 शतक लगाए हैं।
भारतीय टीम को मिला 193 रन का टारगेट
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। जबकि तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में खेला जा रहा है।
इसमें इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 387 रन बनाए। जो रूट ने 104 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम ने भी इतने ही रन बना दिए। केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 100 रन बनाए। फिर दूसरी पारी में इंग्लैंड को 192 रन पर ऑलआउट किया। अब भारतीय टीम के सामने 193 रन का टारगेट है।

