क्या जितेश शर्मा को लॉर्ड्स में घुसने से रोका: दिनेश कार्तिक बोले- यह सब झूठ है, मैंने मीडिया सेंटर में आने का इन्विटेशन दिया था
Published:
3 min read

IPL में दिनेश कार्तिक RCB टीम के मेंटोर हैं। जबकि जितेश शर्मा इसी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
भारतीय विकेटकीपर जितेश शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के सिक्योरिटी गार्ड से बहस करते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि जितेश को भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में एंट्री नहीं दी गई थी। अब पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने इस पूरे मामले का सच उजागर किया है। उन्होंने कहा कि यह सब झूठ है। मैंने ही जितेश को मीडिया सेंटर में आने का इन्विटेशन दिया था।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जितेश शर्मा स्टेडियम के बाहर खड़े हैं और सिक्योरिटी गार्ड उन्हें अंदर आने से रोक रहे हैं। वे गार्ड से बहस करते भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान जितेश कई बार अपना नाम बताते नजर आते हैं लेकिन गार्ड उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए दिखाई देते हैं।
जितेश की इसी बहस और गार्ड के रवैये का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। साथ ही फैन्स लिख रहे हैं कि RCB के इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज को मैच देखने के लिए लॉर्ड्स में जाने नहीं दिया गया।
दावा किया जा रहा है कि जितेश को ऐसे में दिनेश कार्तिक की मदद लेनी पड़ी, जो कि लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे। यूजर्स लिख रहे हैं कि जब जितेश की गार्ड से बहस चल रही थी, तभी कार्तिक करीब से गुजरे। ऐसे में जितेश ने उन्हें आवाज लगाई। जब कार्तिक यह आवाज नहीं सुन पाए तो जितेश ने उन्हें फोन कर पूरा मामला बताया और फिर कार्तिक ने उन्हें एंट्री दिलाई।
These are some issues with social media that a lot face
— DK (@DineshKarthik) July 16, 2025
I invited jitesh to the comm box , he had come , and I came and met him down and took him to the comm box and he met everyone there
Btw this is below the media center , not the entrance to the ground 😊 https://t.co/Z22AAyp3CN
दिनेश कार्तिक ने बताया पूरा सच
वायरल वीडियो के इन दावों को कार्तिक ने पूरी तरह से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना कुछ और ही थी। जबकि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी कुछ और ही है। उन्होंने बताया- ‘मैंने खुद जितेश को लॉर्ड्स के मीडिया सेंटर में आने का न्योता दिया था। वह पहले ही वहां पहुंच चुके थे। मैं उनसे नीचे जाकर मिला और उन्हें ऊपर कमेंट्री बॉक्स तक लेकर आया।’
कार्तिक ने बताया- ‘जिस जगह वीडियो शूट हुआ, वह ग्राउंड का एंट्रेंस नहीं बल्कि मीडिया सेंटर का गेट था। यानी यह कोई सिक्योरिटी विवाद नहीं था, बल्कि एक सामान्य प्रक्रिया थी, जिसमें मीडिया सेंटर में आने के लिए आपको उस व्यक्ति के साथ एंट्री दी जाती है, जो अधिकृत हो।
जितेश ने भारतीय टीम के लिए सिर्फ टी20 फॉर्मेट खेला है। टेस्ट और वनडे खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें कुल 100 रन बनाए। जितेश ने IPL में 55 मैच खेले, जिसमें 25.41 की औसत से 991 रन बनाए। उन्होंने 2025 में RCB की तरफ से 11 मैच में 265 रन बनाए थे।

