लॉर्ड्स के हीरो: बुमराह ने ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराया; यहां 5 विकेट लेने या शतक लगाने पर यह सम्मान मिलता है
Published: Updated:
3 min read

जसप्रीत बुमराह (सोर्स: ANI)
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करना और ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गौरव की बात है। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लिए। इसके साथ ही उनका नाम लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर दर्ज हो गया है।
पूर्व भारतीय पेसर जहीर खान और जवगल श्रीनाथ भी यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सके। लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर दो ही तरीके से किसी खिलाड़ी का नाम दर्ज हो सकता है। यदि गेंदबाज एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट ले, या फिर बल्लेबाज शतक लगाए तो उनका नाम दर्ज होता है। साथ ही बुमराह ने कपिल देव का सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
बुमराह ने मिडिल ऑर्डर को किया फेल
बुमराह ने हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, जो रूट, क्रिस वोक्स और जोफ्रा आर्चर को आउट किया। खास बात यह रही कि इन पांच में से चार बल्लेबाजों को उन्होंने बोल्ड कर दिया। उनकी सटीक यॉर्कर्स और गेंदबाजी ने इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर को फेल कर दिया। इस प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड की टीम 387 रन पर सिमट गई।
Etched on the Lord's honours board ✅
— BCCI (@BCCI) July 11, 2025
A specially signed pair of shoes as memorabilia for the museum ✅
It was that kind of a day for Jasprit Bumrah 🙌#TeamIndia | #ENGvIND | @Jaspritbumrah93 pic.twitter.com/SoFm0voOjI
कोच गंभीर ने किया स्वागत
बुमराह पवेलियन लौटे तो भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर उनके स्वागत के लिए खड़े हो गए। गंभीर ने बुमराह को गले लगाकर उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। इसके बाद बुमराह ने बोर्ड पर अपना नाम दर्ज किया और कैमरे के सामने पोज देते हुए एक बड़ा सा थम्स अप भी दिखाया।
थकान से भरा जश्न, लेकिन गर्व की झलक साफ
बुमराह से पूछा गया कि उन्होंने पांच विकेट लेने के बाद ज्यादा जश्न क्यों नहीं मनाया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘सच कहूं तो मैं थक गया था। अब मैं 21-22 साल का नहीं हूं कि हर विकेट पर उछलूं। मैं खुश था कि टीम के लिए योगदान दिया, लेकिन मेरा ध्यान अगली गेंद पर था।’
विदेश में सबसे ज्यादा 5 विकेट का रिकॉर्ड
बुमराह अब विदेश में सबसे ज्यादा 13 बार एक पारी में 5 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कपिल ने इससे पहले 12 बार 5 विकेट लिए थे।

