बुमराह खेलते हैं तो टीम ज्यादा मैच हारती है: बुमराह के साथ टीम इंडिया की जीत का प्रतिशत 42, जब नहीं खेले तो 70% मैच जीते
Published:
3 min read

पेसर जसप्रीत बुमराह ने करियर में कुल 47 टेस्ट खेले, जिसमें 217 विकेट लिए। उनका औसत 19.48 का रहा। उन्होंने 15 बार एक पारी में 5 विकेट लिए। (Instagram)
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का एक ऐसा शॉकिंग रिकॉर्ड है, जिसे जानकर उनके फैन्स हैरान और निराश हो सकते हैं। जब बुमराह टेस्ट खेलते हैं, तब भारतीय टीम सिर्फ 42.55 प्रतिशत मैच ही जीतती है। मगर जब बुमराह बाहर होते हैं, तब भारतीय टीम की जीत का प्रतिशत 70.37 हो जाता है।
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। भारत शुरुआती 3 टेस्ट के बाद सीरीज में 1-2 से पीछे है। इस दौरान बुमराह ने 2 टेस्ट खेले और दोनों में ही टीम को हार मिली। वर्कलोड मैनेज के चलते बुमराह सीरीज का दूसरा टेस्ट नहीं खेले थे। मगर यह मैच टीम इंडिया ने ही जीता था।
अब भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। सीरीज के पहले ही टीम मैनेजमेंट ने तय कर दिया था कि बुमराह सिर्फ 3 ही टेस्ट खेलेंगे। दूसरा और चौथा मैच नहीं खेलेंगे।

इंग्लैंड सीरीज के आखिरी 2 टेस्ट भी खेलेंगे बुमराह
मगर टीम इंडिया अब सीरीज में हार की कगार पर आ गई है। ऐसे में फैन्स और दिग्गजों का मानना है कि बुमराह को बाकी दोनों टेस्ट खेलने चााहिए। इस पर बुमराह ने भी हां कर दी, जिससे सभी खुश हैं। सीरीज में बुमराह ने 2 टेस्ट में दूसरे सबसे ज्यादा 12 विकेट लिए हैं। ऐसे में उनका खेलना बेहद खास हो जाता है।
दूसरी ओर रिकॉर्ड देखें तो मामला उलटा ही नजर आता है। घरेलू टेस्ट सीरीज हो या विदेशी, जब भी बुमराह खेले हैं तब टीम इंडिया को जीत के मुकाबले हार ज्यादा मिली हैं। हालांकि जब बुमराह नहीं खेले, तब भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और ज्यादा मैच जीते हैं।

बुमराह के बगैर टीम का प्रदर्शन शानदार रहा
दरअसल, बुमराह ने 5 जनवरी 2018 को टेस्ट डेब्यू किया था। पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेला, जिसमें भारतीय टीम को 72 रन से हार मिली थी। बुमराह ने कुल 4 (1+3) विकेट लिए थे।
इसके बाद बुमराह ने अब तक (17 जुलाई 2025) कुल 47 टेस्ट खेले, जिसमें 42 प्रतिशत मैच जीते। यानी टीम को 20 टेस्ट में जीत मिली और 23 हारे हैं। 4 टेस्ट ड्रॉ रहे।
इसी दौरान साढ़े 7 साल में बुमराह के बगैर भारतीय टीम की जीत का प्रतिशत 70.37 रहा। टीम ने 27 टेस्ट खेले, जिसमें से 19 जीते और सिर्फ 5 हारे। 3 मुकाबले ड्रॉ रहे।

विदेश में भी बुमराह के बगैर टीम ज्यादा मैच जीती
यदि विदेश में खेले गए टेस्ट की बात करें तो यहां भी बुमराह के बगैर टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। जब भी बुमराह के साथ भारतीय टीम ने विदेश में 34 टेस्ट खेले। इसमें 12 जीते और 18 मैच हारे हैं। 4 टेस्ट ड्रॉ रहे।
जबकि बुमराह के बगैर भारतीय टीम ने विदेश में 8 टेस्ट खेले, जिसमें 5 जीते हैं। इस दौरान 2 टेस्ट हारे और एक ड्रॉ रहा। यानी विदेश में भी बुमराह के बगैर टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है।
बुमराह ने करियर में कुल 47 टेस्ट खेले, जिसमें 217 विकेट लिए। उनका औसत 19.48 का रहा। उन्होंने 15 बार एक पारी में 5 विकेट लिए।

