लॉर्ड्स टेस्ट-788: सिराज की 15% मैच फीस कटी, एक डीमेरिट पॉइंट भी मिला; एग्रेशन दिखाने के कारण सजा मिली
Published:
3 min read

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा। (AFP)
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन खेल शुरू होने से ठीक पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मोहम्मद सिराज को सजा दी है। आईसीसी ने इस भारतीय तेज गेंदबाज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही एक डीमेरिट पॉइंट भी दिया है। सिराज को यह सजा इंग्लिश बल्लेबाज के सामने एग्रेशन दिखाने के कारण मिली है।
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जा रहा है।
India's ace pacer has been penalised for breaching the ICC Code of Conduct on Day 4 at Lord’s.#WTC27 | #ENGvINDhttps://t.co/5GLw5Q6HHf
— ICC (@ICC) July 14, 2025
डकेट को आउट कर दिखाया था एग्रेशन
मैच के चौथे दिन (13 जुलाई) सिराज ने इंग्लिश ओपनर बेन डकेट को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच आउट कराया था। इसके बाद डकेट की ओर देखकर आकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। इसके बाद दोनों प्लेयर एग्रेशन के चलते काफी करीब आ गए और उनके कंधे तक टकरा गए थे।
यह सारा माजरा फील्ड अंपायर पॉल रैफल और शरफुद्दौला सैकत देख रहे थे। साथ ही यह सब कैमरे में भी कैद हुआ। चौथे दिन खेल खत्म होने के बाद थर्ड अंपायर एहसान रजा और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड ने इसकी रिपोर्ट मैच रेफरी रिची रिचर्डसन को दी। उन्हें ICC आचार संहिता की धारा 2.5 को तोड़ने का दोषी पाया गया। सिराज ने भी गलती मानकर सजा स्वीकार कर ली है।

सिराज को पिछले 7 महीनों में दूसरी बार डीमेरिट पॉइंट मिला है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में भी उन्हें ऐसी सजा मिली थी। तब सिराज ने ट्रेविस हेड को क्लीन बोल्ड कर पवेलियन जाने का इशारा किया था। उस मैच में हेड पर भी पेनल्टी लगी थी और उन्हें भी एक डीमेरिट पॉइंट दिया गया था।
भारतीय टीम को मिला 193 रन का टारगेट
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। जबकि तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में खेला जा रहा है।
इसमें इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 387 रन बनाए। जो रूट ने 104 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम ने भी इतने ही रन बना दिए। केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 100 रन बनाए। फिर दूसरी पारी में इंग्लैंड को 192 रन पर ऑलआउट किया। अब भारतीय टीम के सामने 193 रन का टारगेट है।

