लॉर्ड्स टेस्ट जीत के बाद इंग्लैंड पर फाइन: स्लो ओवर रेट के चलते WTC में 2 पॉइंट्स काटे, खिलाड़ियों पर लगा मैच फीस का 10% जुर्माना
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है। उसने पहला और तीसरा मैच अपने नाम किया था।
भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद इंग्लैंड टीम पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जुर्माना लगा है। स्लो ओवर रेट के चलते वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025- 2027 के तहत 2 पॉइंट काट लिए गए हैं। साथ ही खिलाड़ियों पर भी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। पॉइंट्स कटने के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड टीम तीसरे नंबर पर आ गई है।
दरअसल, भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। लॉर्ड्स में हुए तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की थी।
पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर आई इंग्लैंड टीम
इसके बाद इंग्लिश टीम के श्रीलंका के बराबर 66.67 पॉइंट पर्सेंटेज हो गए थे। साथ ही वह WTC पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी। मगर 2 अंंक कटने के बाद अब इंग्लैंड के पॉइंट पर्सेंटेज 61.11 हो गए। साथ ही टीम अब तीसरे नंबर पर आ गई है।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने गेंदबाजी के दौरान तय समय से 2 ओवर कम डाले थे। ऐसे में उस पर स्लो ओवर रेट के चलते जुर्माना लगा। ICC नियम के मुताबिक, कोई टीम तय समय में जितने कम ओवर करती है, उसके उतने ही पॉइंट्स कटते हैं। साथ ही खिलाड़ियोंं पर हर ओवर का 5 प्रतिशत जुर्माना भी लगता है।
End of a thrilling Test match at Lord’s.#TeamIndia fought hard but it’s England who win the 3rd Test by 22 runs.
— BCCI (@BCCI) July 14, 2025
Scorecard ▶️ https://t.co/X4xIDiSUqO#ENGvIND pic.twitter.com/KkLlUXPja7
इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। इसका चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जैकब बैथेल,जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, जोश टंग, गस एटकिंसन और लियाम डॉसन।

