इंग्लैंड Vs इंडिया: रहाणे बोले- एक और स्पेशलिस्ट बॉलर खिलाएं गिल और गंभीर, स्टोक्स की एनर्जी शानदार
Published:
3 min read

अजिंक्य रहाणे ने अपना आखिरी टेस्ट मैच वेस्टइंडीज खिलाफ 2023 में पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला था। सोर्स :सोशल मीडिया
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत 2-1 से पीछे है। अब नजरें मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर खेले जाने वाले चौथे टेस्ट पर हैं। इस बीच, टीम से बाहर चल रहे पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर को अहम सलाह दी है।
रहाणे के मुताबिक, प्लेइंग इलेवन में एक और स्पेशलिस्ट बॉलर शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने एग्रेसिव और कमिटेड कैप्टेंसी के लिए इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स की भी तारीफ की।
जीतने के लिए 20 विकेट जरूरी
रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- टीम इंडिया को जीतने के लिए 20 विकेट लेने होंगे। इससे बॉलिंग यूनिट मजबूत हो जाएगी। चौथे और पांचवें दिन बल्लेबाजी मुश्किल होती है। इंग्लैंड ने अच्छी गेंदबाजी की। हालांकि, हमारी टीम पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। मुझे लगता है कि एक एक्स्ट्रा स्पेशलिस्ट बॉलर खिलाना होगा।
इशारा किस तरफ
लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट को इंग्लैंड ने 22 रन से जीता था। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और आकाशदीप बतौर पेस बैटरी खेले थे। रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश रेड्डी ऑलराउंडर थे। रहाणे के इशारे को समझें तो वो यह कहना चाहते हैं कि तीन के बजाए दो या एक ऑलराउंडर ही खिलाया जाए और इनकी जगह कुलदीप यादव जैसा कोई स्पेशलिस्ट बॉलर प्लेइंग 11 में हो।
दरअसल, गौतम गंभीर के बारे में यह कहा जाता रहा है कि वो ऑलराउंडर्स को ज्यादा तवज्जो देते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- मैनचेस्टर में रेड्डी की जगह कुलदीप यादव खेल सकते हैं।
स्टोक्स का जोश देखिए
रहाणे ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को सराहा। कहा- लंच से पहले जब सिर्फ दो-तीन गेंद बची होती हैं तो फील्डर अक्सर ज्यादा सतर्क नहीं होते। लेकिन स्टोक्स का जोश और फोकस कमाल का था। उनका रन आउट मैच का टर्निंग पॉइंट था।
रहाणे लॉर्ड्स टेस्ट में टीम इंडिया की पहली पारी का जिक्र कर रहे थे, जिसमें ऋषभ पंत को स्टोक्स ने मिड विकेट से डायरेक्ट थ्रो से रन आउट किया था।
दो साल पहले खेला था आखिरी टेस्ट
रहाणे ने आखिरी टेस्ट 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘पोर्ट ऑफ स्पेन’ में खेला था। उस मैच में उन्होंने महज 8 रन बनाए थे। रहाणे ने अब तक 85 टेस्ट खेले। इसमें 38.46 के औसत से 5077 रन बनाए। इसमें 12 शतक, 26 फिफ्टी शामिल है।
रहाणे ने कई मौकों पर कप्तानी भी की। उनकी कप्तानी में सबसे यादगार जीत ऑस्ट्रेलिया टूर (2020-21) में मिली थी। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम इंडिया को पर्थ के गाबा ग्राउंड पर टेस्ट जिताया था। भारत ने सीरीज 2-1 से जीती थी।
रहाणे आखिरी बार IPL 2025 में खेलते दिखे थे। वह कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे। इस सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 390 रन बनाए। इसमें तीन फिफ्टी शामिल थीं।

